Diwali Bonus Fake Message : दिवाली का नाम आते ही लोगों को बोनस और गिफ्ट का इंतजार रहता है। इसी बीच वॉट्सऐप पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर सरकार हर किसी को 8,000 रुपये का दिवाली बोनस दे रही है। यह दावा सुनकर कई लोग इसे सच मान सकते हैं, लेकिन इस मैसेज की सच्चाई कुछ और ही है।
सरकार दे रही है या नहीं 8,000 रुपये
अगर आपके पास भी 8,000 रुपये बोनस वाला मैसेज आया है, तो सावधान हो जाएं। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो यानी पीआईबी की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे को फर्जी बताया है। सरकार की ओर से इस तरह का बोनस देने की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में इस मैसेज के झांसे में आकर किसी लिंक पर क्लिक करना आपके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।
https://twitter.com/PIBFactCheck/status/2117134331110105447
एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता
इस तरह के फर्जी मैसेज लोगों को एक वेबसाइट पर ले जाते हैं, जहां उनसे निजी जानकारी मांगी जा सकती है। इसमें बैंक खाते की जानकारी, आधार से जुड़ी जानकारी या दूसरी जरूरी जानकारी शामिल हो सकती है। कुछ मामलों में ठग लोगों से पैसे जमा करने को भी कह सकते हैं या यूपीआई से गलत लेनदेन करवाने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए बोनस पाने के लालच में अपनी जानकारी देना भारी पड़ सकता है।
फर्जी मैसेज आने पर क्या करें
अगर आपके मोबाइल पर ऐसा कोई मैसेज आता है, तो उसे खोलने या आगे भेजने से बचें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा करें। सरकारी योजना या बोनस से जुड़ी जानकारी के लिए हमेशा सरकारी वेबसाइट या आधिकारिक घोषणा पर ही भरोसा करें।
इसे भी पढ़ें : रिलीज से पहले ही शाहरुख खान की 'किंग' का धमाका, 400 करोड़ की फिल्म ने कमाए 835 करोड़!
ठगी हो जाए तो तुरंत उठाएं ये कदम
अगर आपने गलती से लिंक पर क्लिक कर दिया है या आपके खाते से पैसे कट गए हैं, तो देर न करें। सबसे पहले अपने बैंक को इसकी जानकारी दें। साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें। आप cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। वहीं, केंद्र सरकार से जुड़े संदिग्ध मैसेज की जानकारी पीआईबी फैक्ट चेक को 8799711259 या [email protected] पर दे सकते हैं।