Diwali Business India : इस बार दिवाली का त्योहार देशभर के कारोबारियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। त्योहारी खरीदारी और उससे जुड़ी सेवाओं के जरिए देश में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया गया है। दिल्ली में भी दिवाली के दौरान 80 हजार करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद जताई गई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, बाजारों में खरीदारी का माहौल काफी अच्छा है। कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, गाड़ियां, मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
ऑटोमोबाइल बिक्री में जबरदस्त उछाल
दिवाली के कारोबार में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की भी बड़ी हिस्सेदारी रहने का अनुमान है। ऑटोमोबाइल क्षेत्र के शीर्ष संगठन की रिपोर्ट के मुताबिक, वाहनों की कुल खुदरा बिक्री में 55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसमें दोपहिया वाहनों की बिक्री 52 फीसदी, तिपहिया वाहनों की 110 फीसदी, वाणिज्यिक वाहनों की 48 फीसदी और निजी वाहनों की बिक्री 70 फीसदी बढ़ी। वहीं, ट्रैक्टरों की बिक्री में 58 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इन आंकड़ों से त्योहारी खरीदारी के दौरान वाहन बाजार में आई तेजी का पता चलता है।
पांच करोड़ उपहारों का होता है लेनदेन
दिवाली के दौरान देशभर में छोटे से लेकर महंगे सामान तक करीब 5 करोड़ उपहारों का आदान-प्रदान होने का अनुमान है। इससे बाजार में खरीदारी को और बढ़ावा मिलता है। CTI ने होटल, बैंक्वेट हॉल, रेस्तरां, मॉल, सिनेमा, शॉपिंग सेंटर, कार डीलर, सैलून, पर्यटन और व्यापारिक संगठनों से बातचीत के आधार पर 5 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया है। यानी इस दौरान केवल दुकानों पर ही नहीं, बल्कि खानपान, मनोरंजन और दूसरी सेवाओं में भी बड़ी रकम खर्च होती है।
देसी सामान की खरीदारी पर जोर
इस साल दिवाली पर भारतीय उत्पादों की खरीदारी को खास महत्व दिया जा रहा है। बाजारों में मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा का सामान, हस्तशिल्प और घर सजाने वाली वस्तुओं की मांग बढ़ी है। स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के बनाए सामान को भी खरीदार पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक्स, रसोई के उपकरण, कपड़े, जूते, फर्नीचर, मोबाइल और उसके सहायक सामान की भी अच्छी मांग है। मिठाई, नमकीन, सूखे मेवे, किराना और खाद्य तेल जैसे रोजमर्रा के सामान की खरीदारी भी बढ़ी है।
ये भी पढ़ें : 200 दिन बाद 94 के पार पहुंचा रुपया, Dollar की बादशाहत को झटका! क्या अब 90 तक आएगा भाव?
दिल्ली के कारोबारियों को बड़ी उम्मीद
दिल्ली के व्यापारियों को इस दिवाली से खास उम्मीदें हैं। CTI के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच रैलियों और धरना-प्रदर्शनों के कारण दिल्ली के कारोबार को करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। अब व्यापारी दिवाली की खरीदारी के जरिए इस नुकसान की भरपाई करना चाहते हैं। दिल्ली में 80 हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। बृजेश गोयल के मुताबिक, चांदनी चौक, सदर बाजार, कमला नगर, राजौरी गार्डन, लाजपत नगर, करोल बाग, शाहदरा और लक्ष्मी नगर जैसे बाजारों में अच्छी भीड़ उमड़ रही है।
गाड़ियों से लेकर कपड़ों तक जमकर खरीदारी
दिल्ली के बाजारों में त्योहार को लेकर रौनक दिखाई दे रही है। लोग मोबाइल, उपहार, सजावटी सामान, सूखे मेवे, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और घर की सजावट से जुड़ी चीजें खरीद रहे हैं। कंपनियों के शोरूम में भी गाड़ियों की बिक्री अच्छी बताई जा रही है। इसके अलावा होम फर्निशिंग, बर्तन, साड़ी, रेडीमेड कपड़े और फैशन से जुड़े सामान की मांग भी बढ़ी है। कारोबारियों को उम्मीद है कि दिवाली की खरीदारी से बाजार में आई तेजी आने वाले दिनों में भी बनी रहेगी।