Diwali Chhath Special Trains : दिवाली और छठ के मौके पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 100 से ज्यादा जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। इन ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत के अलग-अलग शहरों से बिहार पहुंचना आसान हो सकता है। पटना, दानापुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधुबनी, जयनगर और पूर्णिया जैसे शहरों के लिए ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम
पूर्व मध्य रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 से उसके क्षेत्र के स्टेशनों से खुलने या पहुंचने वाली 103 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा पांच जोड़ी ट्रेनें पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्र के भीतर चलेंगी। वहीं, 51 जोड़ी ट्रेनें बिहार और झारखंड के अलग-अलग स्टेशनों से होकर गुजरेंगी। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डिम्पी गर्ग के मुताबिक, इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों और दिनों में किया जाएगा।
दिल्ली से पटना और बिहार के लिए ट्रेनें
दिल्ली और पटना के बीच कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें पटना-नई दिल्ली और नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल भी शामिल हैं। इसके अलावा पटना और आनंद विहार, दानापुर और आनंद विहार, पाटलिपुत्र और आनंद विहार के बीच भी ट्रेनें उपलब्ध हैं। कुछ ट्रेनें रोज चलेंगी, जबकि कुछ सप्ताह के तय दिनों में चलेंगी। धनबाद, गया, शेखपुरा, बरौनी और दरभंगा से भी दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।
पंजाब और चंडीगढ़ से भी सीधी ट्रेनें
पंजाब और चंडीगढ़ से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी कई ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अमृतसर से बरौनी और जयनगर, चंडीगढ़ से पटना और बरौनी, फिरोजपुर से पटना और लुधियाना से सहरसा, दरभंगा और गया के लिए स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध हैं। कुछ ट्रेनें नवंबर के आखिरी सप्ताह तक चलेंगी, जबकि कुछ का संचालन केवल 5 से 13 नवंबर के बीच तय तारीखों पर होगा।
ये भी पढ़ें : Ghaziabad में BJP की पदयात्रा में गरजे CM Yogi, कांग्रेस पर साधा निशाना, शहर में लगा भीषण जाम
गुजरात और मध्य प्रदेश से बिहार तक सुविधा
गुजरात से बिहार जाने वालों के लिए अहमदाबाद-दरभंगा और उधना से मधुबनी, जयनगर और हसनपुर रोड के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मध्य प्रदेश से रानी कमलापति-दानापुर, ग्वालियर-बरौनी और अन्य शहरों से बिहार के लिए ट्रेनें उपलब्ध हैं। इसके अलावा कोटा, अजमेर, जोधपुर और राजस्थान के दूसरे शहरों से भी पटना, दानापुर, समस्तीपुर और धनबाद के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
दक्षिण भारत और पूर्वी शहरों से भी ट्रेनें
दक्षिण भारत में एरणाकुलम, बेंगलुरु, पोत्तनूर और चर्लपल्ली से पटना, दानापुर और बरौनी के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। वहीं, हावड़ा, सियालदह और कोलकाता से पटना, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और जयनगर के लिए भी ट्रेनें उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह है कि सफर से पहले ट्रेन नंबर, चलने की तारीख और समय की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या आरक्षण केंद्र से जरूर जांच लें। सभी ट्रेनों की तारीखें और दिन अलग-अलग हैं।