Diwali Shopping Budget Tips : दिवाली पर घर सजाने से लेकर कपड़े, मिठाइयां और गिफ्ट खरीदने तक कई खर्चे होते हैं। ऐसे में कब कितना पैसा खर्च हो गया, पता ही नहीं चलता। इसलिए खरीदारी शुरू करने से पहले अपना बजट तय कर लें। जैसे अगर आपने 10 हजार रुपये खर्च करने का सोचा है, तो उसी हिसाब से पूरी खरीदारी की प्लानिंग करें। बजट में थोड़ा पैसा अचानक आने वाले खर्चों के लिए भी बचाकर रखें, ताकि बाद में परेशानी न हो।
बिना लिस्ट के बाजार जाने की गलती न करें
त्योहारों में बाजार की रौनक देखकर अक्सर हम ऐसी चीजें भी खरीद लेते हैं, जिनकी जरूरत नहीं होती। इससे बचने का सबसे आसान तरीका है खरीदारी की लिस्ट बनाना। उसमें सबसे जरूरी चीजें पहले लिखें, जैसे घर की जरूरत का सामान, कपड़े और गिफ्ट। जो चीज जरूरी नहीं है, उसे लिस्ट में सबसे आखिर में रखें। इससे आप फालतू की खरीदारी से बच सकती हैं और पैसे भी सही जगह खर्च होंगे।
हर ऑफर देखकर न करें खरीदारी
दिवाली के दौरान दुकानों और ऑनलाइन खरीदारी में कई तरह के ऑफर मिलते हैं। कहीं बड़ी छूट तो कहीं एक के साथ एक सामान मुफ्त देने का दावा किया जाता है। लेकिन हर ऑफर फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है। सामान खरीदने से पहले उसकी असली कीमत और दूसरे विकल्पों से तुलना करें। सिर्फ छूट देखकर खरीदारी न करें। कई बार कम छूट वाला सामान भी ज्यादा सस्ता पड़ सकता है।
कपड़ों और गिफ्ट में अपनाएं स्मार्ट तरीका
दिवाली पर हर बार नए कपड़े खरीदना जरूरी नहीं है। अपनी अलमारी में रखे पुराने कपड़ों को नई एक्सेसरीज, दुपट्टे या जूलरी के साथ स्टाइल करके नया लुक दिया जा सकता है। वहीं, गिफ्ट खरीदते समय सामने वाले की पसंद और जरूरत का ध्यान रखें। महंगे गिफ्ट की जगह खूबसूरत छोटा तोहफा, घर पर बना गिफ्ट पैक या उपयोगी चीज भी अच्छा विकल्प हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : दो सिर, एक सपना और हौसले की मिसाल, जुड़वां बहनों की कहानी दिल जीत लेगी
खर्च का हिसाब रखें और बचत को दें प्राथमिकता
खरीदारी करते समय हर खर्च का हिसाब रखना भी जरूरी है। इसके लिए मोबाइल में नोट्स बना सकती हैं या छोटी डायरी रख सकती हैं। जैसे-जैसे सामान खरीदें, उसकी कीमत लिखती जाएं। इससे पता रहेगा कि कितना बजट बचा है। साथ ही, क्रेडिट कार्ड या उधार के भरोसे जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने से बचें। दिवाली की असली खुशी घर की रौनक और अपनों के साथ में है, महंगी खरीदारी में नहीं। थोड़ी सी समझदारी से आप त्योहार को खुशहाल बना सकती हैं और अपनी बचत भी सुरक्षित रख सकती हैं।