DIY Cleaning Hacks : सोने की चेन और इयररिंग महिलाओं के पसंदीदा गहनों में शामिल हैं। इन्हें रोजाना पहनने से पसीने, धूल, तेल और क्रीम की परत जमा हो सकती है, जिससे गहनों की चमक कम दिखाई देने लगती है। ऐसे में इन्हें साफ करने के लिए हर बार ज्वेलर के पास जाने की जरूरत नहीं होती। अगर आपके गहने सादे सोने के हैं, तो कुछ सावधानियों के साथ घर पर भी उनकी हल्की सफाई की जा सकती है.
1. सबसे पहले तैयार करें पानी और साबुन का घोल
सोने की चेन या सादे गोल्ड इयररिंग साफ करने के लिए एक कटोरी में गुनगुना पानी लें. इसमें थोड़ा-सा हल्का, बिना ब्लीच वाला डिश सोप मिलाएं। ध्यान रखें कि पानी बहुत गर्म न हो। तेज केमिकल वाले क्लीनर या ब्लीच का इस्तेमाल करने से बचें.
2. गहनों को कुछ देर भिगोकर रखें
चेन और इयररिंग को साबुन वाले पानी में लगभग 10 से 15 मिनट के लिए रखें. इससे गहनों पर जमी हल्की गंदगी ढीली हो सकती है. हालांकि, अगर गहनों में मोती, कीमती पत्थर, कुंदन या चिपकाए गए सजावटी हिस्से लगे हैं, तो उन्हें पानी में भिगोने से बचें.
3. मुलायम ब्रश से करें सफाई
गहनों की सफाई के लिए बहुत नरम ब्रश का इस्तेमाल करें। चेन की कड़ियों और इयररिंग के पीछे वाले हिस्से को हल्के हाथों से साफ करें. ज्यादा जोर से रगड़ने या नुकीली चीजों से गंदगी निकालने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे गहनों पर खरोंच आ सकती है.
4. साफ पानी से धोकर सुखाएं
सफाई के बाद गहनों को साफ गुनगुने पानी से धो लें. चेन को सिंक में सीधे धोने के बजाय एक कटोरी में पानी लेकर साफ करें, ताकि गहने गिरने का खतरा न रहे. इसके बाद मुलायम कपड़े से थपथपाकर सुखाएं और पूरी तरह सूखने पर ही डिब्बे में रखें.
किन बातों का रखें ध्यान?
हर तरह के सोने के गहनों की सफाई एक जैसी नहीं होती. अगर चेन या इयररिंग में मोती, नाजुक पत्थर या खास डिजाइन है, तो पहले ज्वेलर से सलाह लें। अम्लीय पदार्थ, टूथपेस्ट और कठोर क्लीनर इस्तेमाल न करें. अगर गहने का रंग बदल रहा है या कोई हिस्सा ढीला है, तो घर पर सफाई करने के बजाय ज्वेलर को दिखाएं.