DIY Kitchen Decor : किचन को सुंदर और व्यवस्थित रखने में डिब्बों की अहम भूमिका होती है। इनमें मसाले, दालें, चायपत्ती, चीनी और दूसरी जरूरी चीजें आसानी से रखी जा सकती हैं. लेकिन समय के साथ पुराने कंटेनर देखने में साधारण लगने लगते हैं. ऐसे में नए डिब्बे खरीदने के बजाय आप घर में रखे पुराने डिब्बों को थोड़ी रचनात्मकता से नया रूप दे सकती हैं. इससे किचन की सजावट भी बेहतर होगी और पैसे भी खर्च नहीं करने पड़ेंगे. आइए जानते हैं पुराने डिब्बों को स्टाइलिश बनाने के 7 आसान तरीके.
1. रंगों से दें नया लुक
अगर पुराने डिब्बे फीके पड़ गए हैं, तो उन्हें नया रंग देकर आकर्षक बनाया जा सकता है. इसके लिए डिब्बे की बाहरी सतह को अच्छी तरह साफ और सूखा लें. फिर उसकी सामग्री के अनुकूल पेंट का इस्तेमाल करें। किचन की सजावट के हिसाब से सफेद, हल्का हरा या पेस्टल रंग चुन सकती हैं.
2. सुंदर स्टिकर से सजाएं
साधारण डिब्बों को सजाने के लिए वाटरप्रूफ स्टिकर एक आसान विकल्प हैं. आप फूलों, पत्तियों या ज्यामितीय डिजाइन वाले स्टिकर लगा सकती हैं। इससे डिब्बों का लुक बदल जाएगा और किचन में एकरूपता भी नजर आएगी.
3. नाम वाले लेबल लगाएं
डिब्बों पर दाल, चावल, चीनी, नमक और मसालों के नाम लिखकर लेबल लगाएं. इससे सामान ढूंढना आसान होगा और किचन व्यवस्थित दिखाई देगा। एक जैसे लेबल इस्तेमाल करने से सभी डिब्बे आकर्षक भी लगेंगे.
4. जूट की रस्सी से सजाएं
अगर आपको प्राकृतिक और देसी लुक पसंद है, तो डिब्बों के बाहरी हिस्से पर जूट की रस्सी लपेट सकती हैं. इसे गोंद की मदद से अच्छी तरह चिपकाएं. हालांकि, इस तरह सजाए गए डिब्बों को सीधे पानी या नमी के संपर्क में न आने दें.
5. कपड़े से बनाएं डिजाइनर कवर
पुराने सूती कपड़ों के सुंदर टुकड़ों से डिब्बों के लिए कवर तैयार किए जा सकते हैं. फूलों वाले या रंगीन प्रिंट के कपड़े किचन को आकर्षक लुक देंगे। ध्यान रखें कि कपड़ा ढक्कन और डिब्बे के अंदर न जाए.
6. ढक्कन को दें स्टाइलिश लुक
कई बार डिब्बे ठीक होते हैं, लेकिन उनके ढक्कन पुराने दिखाई देते हैं. ऐसे में ढक्कन को साफ करके उस पर उपयुक्त रंग या सजावटी डिजाइन इस्तेमाल कर सकती हैं। खाने के संपर्क में आने वाली सतह पर पेंट या गोंद न लगाएं.
ये भी पढ़ें - Rajgira Chilla Recipe: व्रत में बनाएं लौकी-पनीर का स्वादिष्ट राजगिरा चीला, आसान है रेसिपी
7. एक जैसे डिब्बों का बनाएं सेट
किचन को व्यवस्थित दिखाने के लिए पुराने डिब्बों को आकार या रंग के अनुसार एक साथ रखें. उन पर एक जैसे लेबल लगाएं और इस्तेमाल के हिसाब से शेल्फ पर सजाएं। इससे कम जगह में ज्यादा सामान व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी.
सजावट के साथ सफाई का भी रखें ध्यान
पुराने डिब्बों को सजाने से पहले उनकी अच्छी तरह सफाई करें. अगर किसी डिब्बे में जंग लगी हो, दरार हो या ढक्कन ठीक से बंद न होता हो, तो उसमें खाद्य सामग्री रखने से बचें। पेंट, गोंद और सजावटी सामान केवल बाहरी सतह पर इस्तेमाल करें. इन आसान तरीकों से आप कम खर्च में अपने किचन को नया और स्टाइलिश लुक दे सकती हैं.