Tongue Bite While Eating: खाना खाते समय अचानक दांतों के बीच जीभ आ जाना और उसमें कट लगना आम बात है। कई लोग इसे जल्दबाजी की वजह मानकर छोड़ देते हैं, लेकिन अगर आपके साथ ऐसा बार-बार हो रहा है, तो यह किसी अंदरुनी समस्या का संकेत हो सकता है। जीभ मुंह का बहुत संवेदनशील हिस्सा है। इसमें बार-बार चोट लगने से दर्द, सूजन और खाने-पीने में भारी परेशानी हो सकती है। आइए इसके मुख्य कारणों और बचाव के उपयों के बारे में जानते हैं।
बार-बार जीभ कटने के कारण
दांतों की बनावट- अगर किसी दांत का किनारा नुकीला है, दांत टूट गया है या फिलिंग ठीक नहीं हुई है, तो जीभ बार-बार उससे टकराकर घायल हो सकती है।
जीभ में सूजन- एलर्जी, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण जीभ सूज सकती है और आकार में बड़ी हो जाती है, जिससे वह दांतों के बीच आसानी से आ जाती है।
विटामिन की कमी- शरीर में विटामिन बी 12, फोलेट या आयरन की कमी होने पर भी जीभ में सूजन, जलन और दर्द की शिकायत हो सकती है।
जल्दबाजी में खाना- खाना खाते समय बातें करना, बहुत जल्दी-जल्दी चबाना या ध्यान भटका होना भी इसका एक बड़ा कारण है।
जीभ कटने पर क्या करें
सबसे पहले साफ पानी से धीरे-धीरे मुंह साफ करें।
अगर खून निकल रहा हो, तो साफ कपड़े या गॉज से घाव पर हल्का दबाव डालें।
कुछ समय तक बहुत गर्म, तीखा या खट्टा खाने से बचें, वरना घाव में तेज जलन हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Healthy Heart Tips: दिल को रखना चाहते हैं सेहतमंद? तो आज ही अपनी डाइट में शामिल करें ये मछलियां; मिलेंगे गजब के फायदे
कब जाएं डॉक्टर के पास
अगर खून बहना बंद न हो, घाव बहुत गहरा हो, जीभ में तेज सूजन आ जाए या निगलने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।