Car Battery Discharging Fast: अक्सर ठंड के मौसम में या गाड़ी ज्यादा दिन खड़ी रहने पर कार की बैटरी डाउन होने की समस्या आम हो जाती है। अगर आपकी कार की बैटरी भी बार-बार डाउन हो रही है, तो इसके पीछे आपकी कुछ छोटी-छोटी आदतें, अल्टरनेटर की खराबी या बैटरी का पुराना होना वजह हो सकता है। कुछ उपायों को अपनाकर आप बैटरी की लाइफ को काफी हद तक बढ़ा सकते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक सामान बंद करना न भूलें
इंजन बंद करने से पहले एसी, म्यूजिक सिस्टम, डैशकैम और हेडलाइट्स को मैन्युअली जरूर बंद करें। इंजन बंद होने के बाद भी ये चीजें चालू रहने पर बैटरी की पावर धीरे-धीरे खत्म हो जाती है और दोबारा स्टार्ट करते वक्त बैटरी पर भारी लोड पड़ता है।
टर्मिनल्स की सफाई है जरूरी
समय के साथ बैटरी के पॉजिटिव और नेगेटिव टर्मिनल्स पर सफेद या हरे रंग जम जाती है, जिससे करंट का फ्लो रूक जाता है। हर 2-3 महीने में बैटरी के टर्मिनल्स को गर्म पानी और बेकिंग सोडा के घोल से साफ करें और सफाई के बाद थोड़ा पेट्रोलियम जेली लगा दें।
गाड़ी को लगातार चलाते रहें
अगर कार हफ्तों गैरेज में खड़ी रहती है, तो बैटरी अपने आप डिस्चार्ज होने लगती है। कार चलने पर ही अल्टरनेटर घूमकर बैटरी को चार्ज करता है। इसलिए हफ्ते में कम से कम 1-2 बार कार को 15-20 मिनट के लिए जरूर चलाएं।
यह भी पढ़ें: Ducati Desmo450 EDX और MX Factory भारत में हुई लॉन्च, कीमत थार और स्कॉर्पियो जितनी; जानें क्या है खास
अल्टरनेटर और बैटरी की उम्र की जांच
अगर सभी सावधानियों के बाद भी बैटरी डाउन हो रही है, तो दिक्कत अल्टरनेटर में हो सकती है, जो बैटरी को चार्ज करता है। मैकेनिक से इसकी वोल्टेज टेस्टिंग करवाएं। आमतौर पर कार की बैटरी की लाइफ 3 से 5 साल होती है। इसलिए पुरानी बैटरी को बार-बार जंप-स्टार्ट करने के बजाय बदल लेना ही बेहतर है।