बिजनौर के नजीबाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार को हालात उस वक्त और बिगड़ गए, जब एक पागल कुत्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में एक ही दिन में 49 लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इन हमलों से पूरे शहर में अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रहे लोग हों या दुकान पर सामान खरीदने आए नागरिक, कुत्ते ने किसी को नहीं बख्शा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों तक को निशाना बनाया गया, जिससे लोग भयभीत नजर आए।
एक कुत्ता, कई इलाके और दर्जनों हमले
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता नजीबाबाद के कई मोहल्लों और बाजारों में घूमता रहा और सामने जो भी दिखा, उस पर झपट पड़ा। कुछ लोग जान बचाकर भागे, जबकि कई लोग अचानक हमले की चपेट में आ गए। यह पहली बार नहीं है जब आवारा कुत्तों ने नजीबाबाद में हमला किया हो। इससे पहले भी शहर की गलियों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इस बार एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोग घायल होना चिंता का विषय बन गया है।
6 की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर
कुत्ते के हमले में घायल 49 लोगों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन लोगों के हाथ और पैरों पर गहरे जख्म होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बाकी 43 घायलों का इलाज नजीबाबाद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। सभी को एंटी-रेबीज के टीके लगाए गए और जख्मों पर पट्टियां की गईं।
स्वास्थ्य केंद्र में उमड़ी भीड़, लोगों में डर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अंकित कुमार के अनुसार, सुबह से दोपहर तक करीब 49 लोग इलाज के लिए पहुंचे थे और सभी को एक ही कुत्ते ने काटा था। एक साथ इतने मामलों के आने से स्वास्थ्य केंद्र पर भीड़ लग गई। घटना के बाद से नजीबाबाद में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों में भारी दहशत है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से शहरवासियों को बचाया जा सके।