इंडिगो संकट के चलते अब हवाई किराया भी काफी बढ़ गया है. दिल्ली से चेन्नई का किराया 81 हजार रुपये, तो दिल्ली से मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता जैसे हवाई रूट पर भी किराया 50 से 60 हजार रुपये तक दिख रहा है. हालात ये हैं कि दिल्ली से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट का हवाई किराया तो 25 हजार के करीब है मगर देश के अंदर यानि कि चेन्नई, मुंबई, कोलकाता जैसे रूट पर किराया उससे दो से तीन गुना ज्यादा है. वहीं इंडिगो में चल रहे ऐसे हालातों के बीच डीजीसीए ने पायलटों को वीकली रेस्ट वाला FTDL का आदेश वापस ले लिया है.
1300 फ्लाइट कैंसिल, इंडिगो स्टॉफ के लिए जवाब देना मुश्किल
दिल्ली एयरपोर्ट, मुंबई एयरपोर्ट, हैदराबाद, चेन्नई से लेकर बेंगलुरु तक हवाई किराया आसमान पर पहुंच चुका है. हवाई अड्डों पर 10 से 14 घंटों तक फ्लाइट का इंतजार कर रहे यात्रियों का सब्र अब जवाब देने लगा है. जिसके बाद लोग अब लगातार एयरपोर्ट पर इंडिगो के काउंटर पर अपना पैसा वापस करने की मांग कर रहे हैं और इंडिगो स्टॉफ के लिए उन्हें जवाब दे पाना भी मुश्किल हो रहा है.
इंडिगो ने कुछ यात्रियों को दिल्ली से मुंबई एयर इंडिया की फ्लाइट से भेज दिया है. वो अन्य एयरलाइंस में यात्रियों को एडजस्ट करने की कोशिश में लगे हुए हैं लेकिन तीन दिनों में 1300 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल होने से हाहाकार की स्थिति पैदा हो गई है.
किस जगह का बढ़ गया कितना किराया
दिल्ली से गोवा : 63 हजार तक
दिल्ली से पटना: 40 हजार तक
दिल्ली से कोलकाता: 70 हजार तक
दिल्ली से बेंगलुरु : 36 हजार तक
दिल्ली से रांची : 81 हजार तक
दिल्ली से पुणे : 53 हजार तक
दिल्ली से बेंगलुरु : 43 हजार तक
मुंबई से जम्मू : 63 हजार तक
(6 दिसंबर का संभावित किराया, साइट सर्च में दिखाई दे रहा है)
इसे भी पढ़ें : Africa के खिलाफ Team India तैयार, करो या मरो मुकाबले में क्या होगा टीम इंडिया का 'ब्रह्मास्त्र'
दिल्ली से लंदन का किराया 25 से 30 हजार रुपये के बीच दिख रहा है. वहीं दूसरी तरफ बेंगलुरु, चेन्नई और रांची जैसे शहरों के लिए दिल्ली से फ्लाइट का किराया 40-50 हजार से 81 हजार रुपये तक दिखाई दे रहा है. 6 दिसंबर के लिए दिल्ली से न्यूयॉर्क का हवाई किराया भी 59 हजार रुपये के करीब था. लेकिन दिल्ली से रांची, गोवा और कोलकाता जैसे शहरों की फ्लाइट बुक करने पर टिकट प्राइस इससे भी ज्यादा था.
वहीं दिल्ली से मुंबई का हवाई किराया 5 दिसंबर की दोपहर 2 बजे 60 हजार के आसपास था. 6 दिसंबर को यह 24 से 25 हजार के बीच था. लेकिन बाद में इस रूट में कोई भी फ्लाइट उपलब्ध न होने का मैसेज दिखाई देने लगा.
डीजीसीए ने पायलटों और क्रू के रोस्टर प्लान वाला आदेश लिया वापस
दिल्ली एयरपोर्ट हो या मुंबई एयरपोर्ट 24 घंटे तक इंतजार के बाद यात्रियों के सब्र टूटता जा रहा है. इंडिगो के ग्राउंड स्टॉफ की बार-बार मनुहार के बावजूद यात्री कुछ सुनने को तैयार नहीं दिख रहे हैं. लोग बोर्डिंग पास मांग रहे हैं. इंडिगो ग्राउंड स्टॉफ को अपशब्दों का सामना भी करना पड़ रहा है. हालांकि इस संकट के बीच डीजीसीए ने पायलटों और क्रू के रोस्टर प्लान वाला आदेश आंशिक तौर पर वापस ले लिया है. नागर विमानन महानिदेशालय ने हवाई कर्मचारियों के लिए वीकली रेस्ट वाला अपना आदेश वापस लिया है. नए वीकली रेस्ट FTDL के कारण इंडिगो को उड़ान के लिए पायलटों की कमी का झेल रहे हैं. इसी कारण पिछले 4 दिनों में उसकी 1300 से ज्यादा फ्लाइट कैंसल हो गई हैं.
वहीं डीजीसीए का नया आदेश तुरंत ही लागू हो गया है. डीजीसीए का कहना है कि एयरलाइनों से लगातार शिकायतें मिलने के बाद ये फैसला लिया गया है. फ्लाइट का परिचालन सामान्य करने के लिए वीकली रेस्ट वाला आदेश वापस लेने का फैसला किया गया है.