India US Trade Deal: अमेरिक राष्ट्रपति ट्रंप ने 'बिग ब्यूटीफुल बिल' कार्यक्रम में हिस्सा लिया इस कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि चीन के साथ ट्रेड डील हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने इशारा किया कि भारत के साथ जल्द ही बहुत बड़ी डील होने वाली है। ट्रंप ने बिग ब्यूटीफुल बिल कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने व्यापार सौदों की ओर इशारा किया और कहा 'हर कोई एक डील करना चाहता है और उसका हिस्सा बनना चाहता है।' इस दौरान उन्होंने मीडिया में हो रही आलोचनाओं को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।
ट्रंप करेंगे भारत के साथ बहुत बड़ी डील
ट्रंप ने कहा, याद कीजिए कुछ महीने पहले मीडिया पूछ रही थी कि क्या वाकई कोई ऐसा है, जिसे कोई दिलचस्पी हो? खैर, हमने कल ही चीन के साथ डील पर हस्ताक्षर किए हैं। हम कुछ बेहतरीन डील कर रहे हैं। हम भारत के साथ शायद एक डील करने जा रहे हैं। बहुत बड़ी।' उन्होंने आगे कहा, 'जहां हम भारत के लिए दरवाजे खोलने जा रहे हैं, वहीं चीन के साथ सौदे में हम चीन के लिए दरवाजे खोलने की शुरुआत कर रहे हैं।'
हर किसी से व्यापार नहीं ट्रंप
बिग ब्यूटीफुल बिल इवेंट में ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका हर देश के साथ सौदा नहीं करता । उन्होंने कहा, 'हम हर किसी के साथ डील नहीं करने जा रहे हैं। कुछ लोगों को हम बस एक पत्र भेजेंगे और बहुत-बहुत धन्यवाद कहेंगे। आपको 25,35, 45 प्रतिशत का भुगतान करना होगा। यह करने का आसान तरीका है और मेरे लोग इसे इस तरह से नहीं करना चाहते हैं।'
भारत नहीं करेगा जल्दबाजी
अमेरिका जहां इस डील को जल्द से जल्द शुरू करना चाहता है, तो वहीं भारत ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी कीमत पर जल्दबाज़ी नहीं करेगा। भारत ने अपने हितों को प्राथमिकता देते हुए 26% टैरिफ के संभावित खतरे के बावजूद झुकने से इनकार किया है।यह टैरिफ 9 जुलाई को खत्म हो रहा है।