यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को मध्य पूर्व में युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट के अवरुद्ध होने को ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार ठहराया और इसे यूक्रेन से जोड़ने के वाशिंगटन के प्रयासों को खारिज कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कीव और मॉस्को के बीच 'एनर्जी सीजफायर' की घोषणा कर दी। एक साक्षात्कार में वोलोदिमिर जेलेंस्की से पूछा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध जारी रहने के लिए जिम्मेदार क्यों ठहरा रहे हैं।
इस पर जेलेंस्की ने कहा, "क्योंकि ये लोग पुतिन को रोकने का तरीका नहीं ढूंढ पा रहे हैं। क्योंकि पुतिन को रोकना दूसरों पर दबाव डालने से ज्यादा मुश्किल है, क्योंकि कीमतों के बारे में बात करना और इसे यूक्रेन से जोड़ना ज्यादा आसान है।" यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "मध्य पूर्व में युद्ध के कारण होर्मुज के अवरुद्ध होने के कारण कीमतें बढ़ रही हैं। हर कोई इसे समझता है।"
अमेरिकी डीजल की लागत बढ़ाने का आरोप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन पर रूसी रिफाइनरियों पर ड्रोन हमलों के जरिए अमेरिकी डीजल की लागत बढ़ाने का आरोप लगाया है। अमेरिकी मीडिया सीएनएन पर रविवार को प्रसारित एक क्लिप में ट्रंप ने कहा, "वह डीजल ईंधन के जरिए हमारे किसानों, हमारे पशुपालकों के लिए समस्याएं पैदा करना चाहता है। उसे हर हाल में रुकना चाहिए।"
हम पर हमला मत कीजिए
जेलेंस्की ने ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के लिए पारस्परिक युद्धविराम का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा, "हम ऊर्जा क्षेत्र में युद्धविराम के लिए तैयार हैं। दोनों पक्ष ऊर्जा ढांचे पर हमला न करें।" जेलेंस्की ने कहा, "अगर रूस चाहता है कि हम उनके डीजल भंडार, रिफाइनरियों और अन्य ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमला न करें, तो हम राष्ट्रपति ट्रंप से अनुरोध करते हैं कि वे रूस को संकेत दें कि वह भी यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमला न करे। यह एक उचित समझौता है। हम पर हमला मत कीजिए। हमारे बच्चों को मत मारिए। हम आपके डीजल ठिकानों पर हमले रोक देंगे।" जेलेंस्की के अनुसार, इस सप्ताह रूस ने यूक्रेन के बिजली क्षेत्र पर 196 बार और गैस एवं तेल प्रतिष्ठानों पर 20 बार हमले किए, जबकि 153 नागरिकों की मौत हुई।
युद्ध में ऊर्जा युद्धविराम लागू हो
रविवार को बाद में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "तुरंत प्रभाव से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में ऊर्जा युद्धविराम लागू हो गया है। दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए हैं।" इसके बाद जेलेंस्की ने एक्सियोस से कहा कि यह घोषणा "मेरे लिए भी एक नई खबर थी। वहीं, मॉस्को की ओर से इस दावे की कोई पुष्टि नहीं की गई।