Donald Trump Secret Operation: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में तुर्किए दौरे से ट्रंप को बेहद गोपनीय तरीके से बाहर निकाला गया था।
सुरक्षा कारणों से उन्हें एयरफोर्स वन के बजाय एक छोटे सैन्य विमान Air Force C-32A से रवाना किया गया। खास बात यह रही कि इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी व्हाइट हाउस के कई कर्मचारियों और साथ चल रहे पत्रकारों तक को नहीं थी।
ईरान से हत्या के खतरे के बीच बदली रणनीति
ट्रंप NATO सम्मेलन में शामिल होने के लिए तुर्किए की राजधानी अंकारा पहुंचे थे। उनके जाने के लिए नया और हाल ही में अपग्रेड किया गया विमान इस्तेमाल किया गया था। हालांकि वापसी के समय ईरान से कथित हत्या के खतरे और बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने उनकी यात्रा का प्लान बदल दिया।
कैमरों के सामने एयरफोर्स वन में सवार हुए ट्रंप
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप को पहले पुराने एयरफोर्स वन में सवार होते हुए कैमरों के सामने दिखाया गया। इससे सभी को यही लगा कि राष्ट्रपति इसी विमान से रवाना हुए हैं। लेकिन इसके बाद एक गुप्त ऑपरेशन के तहत उन्हें एयरपोर्ट के कैटरिंग/फूड ट्रक की आड़ में दूसरे हिस्से तक पहुंचाया गया और वहां से C-32A सैन्य विमान में बैठाया गया।
पत्रकारों को भी नहीं लगी भनक
ट्रंप के साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों और कई व्हाइट हाउस कर्मचारियों को भी इस बदलाव की जानकारी नहीं थी। पत्रकारों को उड़ान के दौरान विमान की खिड़कियों के पर्दे बंद रखने के निर्देश दिए गए। इस तरह असली विमान और राष्ट्रपति की लोकेशन को लेकर भ्रम बनाए रखा गया।
पहले गुप्त विमान, फिर पुराने एयरफोर्स वन की लैंडिंग
गुप्त सैन्य विमान से ट्रंप ब्रिटेन के RAF Mildenhall पहुंचे। इसके कुछ ही मिनट बाद पत्रकारों को लेकर पुराना एयरफोर्स वन भी वहां पहुंच गया। इसके बाद ट्रंप दोबारा अपने मुख्य विमान में पहुंचे और ब्रिटेन में तैनात अमेरिकी सैनिकों से मुलाकात की।
क्लिंटन के समय भी अपनाया गया था ऐसा तरीका
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए इस तरह की रणनीति पहले भी इस्तेमाल हो चुकी है। साल 2000 में तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पाकिस्तान यात्रा के दौरान भी उन्हें सुरक्षा खतरे से बचाने के लिए एक फर्जी एयरफोर्स वन का इस्तेमाल किया गया था।
ट्रंप से जब बाद में इस यात्रा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह खतरनाक उड़ान हो सकती थी और अगर उन्हें कुछ हो जाता तो साथ मौजूद लोग भी खतरे में पड़ जाते।