अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से कहा है कि वह इजरायल पर मिसाइलें दागना बंद करे और फिर से बातचीत की मेज पर लौट आए। यह बयान तब आया जब ईरान ने इजरायल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलों की एक नई खेप दागी।
ईरान किसी समझौते के बहुत करीब पहुंच चुके थे
ट्रंप ने मीडिया से कहा, "मैं ईरान से यही कहूंगा कि आपने अपनी मिसाइलें चला दीं, अब बस कीजिए। वापस बातचीत की मेज पर आइए और समझौता कीजिए।" रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान की ओर से मिसाइलें दागने से पहले अमेरिका और ईरान किसी समझौते के बहुत करीब पहुंच चुके थे।
समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते थे
उन्होंने कहा, "हम बहुत करीब थे। मेरा मानना है कि इस आने वाले हफ्ते में सोमवार, मंगलवार या बुधवार तक समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते थे। लेकिन अब यह सब हो गया।"
जवाबी कार्रवाई न करने की अपील करेंगे
उन्होंने कहा, "यह बातचीत और समझौते की कोशिशों के लिए बिल्कुल भी मददगार नहीं होगा।" अमेरिकी मीडिया संस्थान एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन करेंगे और उनसे जवाबी कार्रवाई न करने की अपील करेंगे। ट्रंप ने कहा, "मैं अभी बीबी (नेतन्याहू) को फोन करने वाला हूं और उनसे कहूंगा कि जवाबी हमला न करें। दोनों पक्ष अपना-अपना कदम उठा चुके हैं। इजरायल ने हमला किया और ईरान ने भी जवाब दिया। अब हमें और टकराव की जरूरत नहीं है।"
10 बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल की ओर दागीं
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने रविवार को कम से कम 10 बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल की ओर दागीं। ये मिसाइलें कम से कम तीन अलग-अलग चरणों में छोड़ी गईं। इजरायली सेना का कहना है कि सभी मिसाइलों को बीच में ही रोक दिया गया।