अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों के लिए रिपब्लिकन पार्टी का एक बड़ा एजेंडा पेश किया है। उन्होंने वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी कांग्रेस पर अपना नियंत्रण बनाए रखती है, तो वे हेल्थकेयर पेमेंट में बदलाव करेंगे, टैक्स में स्थायी कटौती करेंगे, बॉर्डर से जुड़े कानूनों को सख्त करेंगे और वोटिंग के नियमों को और कड़ा करेंगे। डलास में रिपब्लिकन सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि वे कांग्रेस के चुनाव को ऐसा ही समझें जैसे कि बैलेट पेपर पर उनका (ट्रंप का) नाम हो।
महत्वपूर्ण चुनावों में से एक
ट्रंप ने कहा, "आपको यह मानकर चलना होगा कि मैं ही चुनाव लड़ रहा हूं। क्योंकि यह चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनावों में से एक साबित होने वाला है। रिपब्लिकन पार्टी की जीत से उनका प्रशासन बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों को दिए जाने वाले फेडरल पेमेंट को खत्म कर सकेगा। इसके बजाय, वह पैसा सीधे लोगों को दिया जाएगा।"
हेल्थ केयर की सुविधा
उन्होंने कहा, "हम बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों को किए जाने वाले सभी पेमेंट बंद कर देंगे और आपको सीधे पैसे देंगे ताकि आप अपनी हेल्थ केयर की सुविधा खुद खरीद सकें और आपके पास अपने लिए कुछ पैसे भी बच जाएं।"
आर्थिक नीतियों को पलटने की कोशिश
ट्रंप ने टैक्स में की गई कटौती को हमेशा के लिए लागू रखने का वादा किया। उन्होंने डेमोक्रेट्स पर टैक्स बढ़ाने और उनके प्रशासन की आर्थिक नीतियों को पलटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
टैक्स कटौतियों को खत्म करना
ट्रंप ने कहा, "हम टैक्स में की गई उन शानदार कटौतियों को बनाए रखेंगे। हम उन्हें हमेशा के लिए लागू करेंगे क्योंकि डेमोक्रेट्स उन सभी टैक्स कटौतियों को खत्म करना चाहते हैं।"राष्ट्रपति ने एक बार फिर "मोस्ट फेवर्ड नेशन प्रिस्क्रिप्शन ड्रग डिस्काउंट" (सबसे पसंदीदा देश के लिए प्रिस्क्रिप्शन दवाओं पर छूट) का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रिपब्लिकन इस नीति को हमेशा के लिए अमेरिकी कानून में शामिल करने की कोशिश करेंगे।
कोई आंकड़े नहीं दिया गया
ट्रंप ने दावा किया कि उनके प्रशासन ने प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की कीमतों में अब तक की सबसे बड़ी कमी की है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में कीमतें 50 से 90 फीसदी तक कम हुई हैं। भाषण में इन दावों के समर्थन में कोई आंकड़े नहीं दिए गए।