WhatsApp Malware Alert: आज WhatsApp सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं, बल्कि जरूरी फाइलों और डॉक्यूमेंट्स के लेन-देन का एक बड़ा माध्यम बन चुका है। लेकिन इसी भरोसे का फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं। साइबर सिक्योरिटी कंपनी क्विक हील टेक्नोलॉजीज (Quick Heal Technologies) ने एक खतरनाक मैलवेयर कैंपेन को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें हैकर्स नॉर्मल दिखने वाले डॉक्यूमेंट के रूप में खतरनाक फाइल भेज रहे हैं।
हैकर्स कैसे बनाते हैं शिकार
यह मैसेज किसी अनजान नंबर से नहीं, बल्कि आपके किसी दोस्त, रिश्तेदार या सहकर्मी के नंबर से ही होता है। सबसे पहले हैकर्स किसी यूजर के व्हाट्सएप अकाउंट को अपने कब्जे में लेते हैं। इसके बाद वे उस अकाउंट की कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद सभी लोगों को नॉर्मल दिखने वाली बिजनेस या पीडीएफ फाइल भेजते हैं। मैसेज आपके किसी परिचित के नंबर से आता है, इसलिए लोग बिना सक के फाइल डाउनलोड कर लेते हैं। फाइल खोलते ही मैलवेयर आपके फोन में आ जाता है।
किन लोगों पर है हैकर्स की नजर
यह कैंपेन खास तौर पर फाइनेंस टीम, वरिष्ठ अधिकारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और बिजनेस यूजर्स को निशाना बना रहा है। इन लोगों के फोन या कंप्यूटर में संवेदनशील कारोबारी और वित्तीय डेटा होता है, जिससे हैकर्स को बड़ा फायदा हो सकता है। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि हमलावर लगातार फाइल फॉर्मेट और अपनी तकनीक बदल रहे हैं ताकि सुरक्षा सिस्टम को चकमा दिया जा सके।
बचाव के आसान टिप्स
अगर किसी परिचित से बिना किसी वजह या अचानक कोई फाइल आए, तो उसे तुरंत खोले नहीं, बल्कि उस व्यक्ति को कॉल करके पूछ लें कि क्या उसने वास्तव में फाइल भेजी है। इसके अलावा बिना जांचे किसी भी संदिग्ध फाइल को दूसरों के पास शेयर करने से बचें। अपने मोबाइल और कंप्यूटर के ऑपरेटिंग सिस्टम और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें। अगर कोई फाइल असामान्य नाम, अजीब फॉर्मेट या संदिग्ध संदर्भ के साथ आए तो उसे नजरअंदाज करना ही बेहतर है।