How to Make Dosa at Home : साउथ इंडियन डिश की बात हो और डोसे का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है. मसाला डोसा हो या सादा क्रिस्पी डोसा, इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. वीकेंड पर घर में कुछ खास बनाने का मन हो, तो डोसा एक अच्छा विकल्प है. लेकिन कई बार घर पर डोसा बनाते समय बैटर लोहे के तवे पर चिपक जाता है या डोसा पलटते समय टूट जाता है. इससे मेहनत भी खराब होती है और मनचाहा स्वाद भी नहीं मिल पाता. हालांकि, कुछ आसान ट्रिक्स अपनाकर लोहे के तवे पर भी अच्छा डोसा बनाया जा सकता है.
1. डोसा बनाने से पहले तवे को सही तरीके से गर्म करें
लोहे के तवे पर डोसा बनाने के लिए उसका तापमान सही होना जरूरी है. सबसे पहले तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें. इसके बाद उस पर थोड़ा पानी छिड़कें. अगर पानी तुरंत सूख जाता है, तो तवा गर्म है. अब आंच थोड़ी कम करके साफ कपड़े या आधे कटे प्याज की मदद से तवे पर हल्का तेल लगाएं. ध्यान रखें कि तवा बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना बैटर फैलाने में परेशानी होगी.
2. बैटर डालने से पहले तवे पर लगाएं तेल
अगर डोसा तवे पर चिपकता है, तो बैटर डालने से पहले तवे की सतह पर तेल की पतली परत लगाना फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए आधे कटे प्याज पर थोड़ा तेल लगाकर तवे पर हल्के हाथ से घुमाएं. अब तवे का तापमान थोड़ा कम होने दें और बीच में बैटर डालकर गोल आकार में फैलाएं. बहुत ज्यादा तेल लगाने से बचें, क्योंकि इससे बैटर फैलाने में दिक्कत हो सकती है.
3. डोसे को जल्दी पलटने की गलती न करें
डोसा टूटने की एक वजह उसे पूरी तरह पकने से पहले पलटने की कोशिश करना भी है. बैटर फैलाने के बाद डोसे को मध्यम आंच पर पकने दें. जब किनारे सूखने लगें और नीचे की सतह सुनहरी व कुरकुरी हो जाए, तब पतले स्पैचुला की मदद से किनारों को धीरे-धीरे छुड़ाएं. इसके बाद जरूरत के अनुसार डोसे को पलटें या सीधे मोड़कर निकाल लें.
घर पर बनाएं स्वादिष्ट और कुरकुरा डोसा
लोहे के तवे पर डोसा बनाने के लिए सही तापमान, तवे की तैयारी और पर्याप्त पकने का समय सबसे जरूरी हैं. इन तीनों बातों का ध्यान रखकर आप घर पर स्वादिष्ट डोसा बना सकती हैं. इसे नारियल की चटनी, सांभर या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोसें और वीकेंड के नाश्ते को खास बनाएं.