मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि उत्तर प्रदेश के शामली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने थाने पहुंचकर अपनी ही बेटी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी अपने प्रेमी के साथ मिलकर ‘सोनम रघुवंशी’ की तरह अपने पति की हत्या कर सकती है.
12 साल पुराना रिश्ता और नया अफेयर
महिला की बेटी की शादी को 12 साल हो चुके हैं. लेकिन उसका अपने ससुराल में ही पड़ोसी युवक के साथ प्रेम संबंध चल रहा है. इस रिश्ते की भनक लगते ही ससुराल वालों ने महिला को मायके भेज दिया. मामला यहीं नहीं रुका – वह वहां से भी अपने प्रेमी के साथ पांच दिन बाद भाग निकली.
घर में घुसकर हंगामा और मारपीट
महिला की मां ने बताया कि बेटी बुधवार को अपने ससुराल लौटी और वहां अपने प्रेमी के साथ मिलकर तोड़फोड़ की. उसने अपने देवर से मारपीट भी की और फिर अपने ससुराल में रहने की जिद पर अड़ गई. जब पति ने विरोध किया तो उसने और भी बड़ा हंगामा किया.
पति और सास दोनों को जान का डर
महिला के पति ने भी पुलिस को दिए बयान में अपनी जान को खतरा बताया. वहीं, मां ने साफ कहा कि "मेरी बेटी अब 'सोनम रघुवंशी' से कम नहीं है, वह भी अपने प्रेमी के साथ मिलकर मेरे दामाद की हत्या कर सकती है." चौसना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज करते हुए उन्हें शांति बनाए रखने का आदेश दिया है.
पुलिस कर रही है जांच, समाज में मचा हड़कंप
इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल पुलिस को सतर्क कर दिया है, बल्कि गांव अलीपुर और आसपास के इलाकों में सनसनी फैला दी है. मामला एक तरफ पारिवारिक कलह है, तो दूसरी ओर संभावित आपराधिक साजिश की ओर भी इशारा कर रहा है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और दोनों पक्षों को पाबंद किया गया है.