
Noida News: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन से अभियुक्त शुभम कुमार को दबोचा। उसके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत की 3 किलो चरस (हैश) बरामद की गई।
पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दामों पर लाता था चरस
एडीसीपी नोएडा सुमित कुमार शुक्ल ने बताया कि पूछताछ में शुभम ने खुलासा किया कि वह अपने साथी वैभव के साथ मिलकर हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी क्षेत्रों से सस्ते दामों पर चरस लाता था और दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों, कॉलेजों तथा आसपास के इलाकों में महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। कमाई को वह शेयर मार्केट में निवेश कर जल्द अमीर बनने की लालच में लगा रहा था।
ड्रग्स की सप्लाई करने आया
शुभम ने कबूल किया कि वैभव के कहने पर वह पहली बार नोएडा में ड्रग्स की सप्लाई करने आया था। पुलिस वैभव की तलाश में छापेमारी कर रही है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त शुभम कुमार (28 वर्ष), पुत्र राकेश कुमार, मूल निवासी अशोकपुरी, थाना कंकरखेडा, मेरठ का निवासी है।
चलाया गया विशेष अभियान
पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि नोएडा में युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए ऐसी मुहिम जरूरी है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।