
मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात एक खौफनाक नजारा देखने को मिला. सेना का एक जवान नशे में धुत होकर प्लेटफॉर्म पर अपनी कार दौड़ाने लगा जिससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, कई लोग बाल-बाल बचे.
20 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर दौड़ती रही कार
यह घटना रात में हुई जब जवान संदीप अपनी आल्टो कार लेकर स्टेशन पहुंचा. वह इतने नशे में था कि कार को सीधे प्लेटफॉर्म पर चढ़ा दिया. उसी समय दिल्ली की ओर से एक ट्रेन आ रही थी. जवान ने ट्रेन के साथ-साथ कार भी प्लेटफॉर्म पर दौड़ानी शुरू कर दी जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.
रेलवे कर्मचारी और सुरक्षा गार्ड उसे पकड़ने की कोशिश करते रहे, लेकिन संदीप 20 मिनट तक कार इधर-उधर घुमाता रहा. कई यात्रियों को जान बचाकर इधर-उधर भागना पड़ा.
रेलवे पुलिस ने किया गिरफ्तार, केस दर्ज
आखिरकार रेलवे पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने मिलकर संदीप को पकड़ लिया. जब उसकी पहचान की गई तो सभी हैरान रह गए कि वह एक सेना का जवान है और इस समय दिल्ली में तैनात है. रेलवे पुलिस ने संदीप के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
सेना पुलिस भी पहुंची, लेकिन छोड़ने से इनकार
घटना की जानकारी मिलने के बाद सेना पुलिस भी उसे लेने के लिए आरपीएफ थाने पहुंची लेकिन रेलवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने की वजह से उसे छोड़ने से इनकार कर दिया.
इस घटना ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर समय रहते रेलवे पुलिस और कर्मचारियों ने कार्रवाई न की होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था. रेलवे ने जवान पर सख्त कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं.