दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट की गुजरात के राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद एहतियातन फ्लाइट को राजकोट डायवर्ट किया गया। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी 194 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए और राहत एवं बचाव दल को तैनात किया गया।
कार्गो होल्ड में धुआं मिलने पर लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट दुबई से मुंबई जा रही थी। उड़ान के दौरान कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई देने की सूचना मिलने पर पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया और आपातकालीन लैंडिंग का निर्णय लिया।
सुरक्षित उतरा विमान, सभी 194 यात्री सुरक्षित
राजकोट एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट में सवार सभी 194 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट, राहत दल तैनात
इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया। रनवे पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां, पानी के टैंकर, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को तैनात किया गया। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे।
सुरक्षा कारणों से घोषित की गई इमरजेंसी
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, यह इंडिगो की फ्लाइट संख्या IGO1452 थी, जो एयरबस A321 विमान से संचालित हो रही थी। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर पूर्ण इमरजेंसी घोषित की गई, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।