माउंट माउंगानुई में खेले गए तीसरे टेस्ट ने वेस्टइंडीज के लिए डरावना अंत लिखा। चौथी पारी में जैकब डफी की तेज रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ के सामने कैरेबियाई बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। 462 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 138 रन पर सिमट गई और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने 323 रन से बड़ी जीत दर्ज की। पांचवें दिन डफी ने 42 रन देकर पांच विकेट झटके और मुकाबले को पूरी तरह अपनी मुट्ठी में कर लिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
रिकॉर्ड टूटे, डफी इतिहास में
इस टेस्ट के साथ डफी ने एक कैलेंडर ईयर में 80 विकेट लेकर महान रिचर्ड हैडली का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में डफी ने 15.4 की शानदार औसत से 23 विकेट लिए और तीन बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए। अगस्त 2025 में टेस्ट डेब्यू करने वाले डफी ने सिर्फ चार टेस्ट में 25 विकेट लेकर बता दिया कि वह न्यूजीलैंड के नए तेज गेंदबाजी लीडर बन चुके हैं। चोटों से जूझ रहे गेंदबाजी आक्रमण के बीच डफी का यह प्रदर्शन टीम के लिए संजीवनी साबित हुआ।
जीत के बाद डफी का बयान
रिकॉर्ड बनाने के बाद डफी ने बेहद सादगी से अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लंच के दौरान जब उन्होंने उस सूची को देखा जिसमें कई दिग्गजों के नाम थे तो यह पल उनके लिए खास बन गया। इसी शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें सीरीज का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उल्लेखनीय है कि पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था जबकि दूसरा टेस्ट न्यूजीलैंड ने नौ विकेट से जीता था। तीसरे टेस्ट में यह जीत सीरीज पर मुहर लगाने वाली साबित हुई।
इसे भी पढ़ें : UP के मदरसों से क्यों दूर हो रहे छात्र? दस साल में चौंकाने वाली गिरावट
रनों की बरसात, नया टेस्ट रिकॉर्ड
यह टेस्ट सिर्फ गेंदबाजी के लिए नहीं बल्कि रन-फेस्ट के लिए भी याद किया जाएगा। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 575 रन बनाकर पारी घोषित की जबकि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने जवाब में 420 रन बनाए। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 306 रन बनाकर फिर घोषणा की। दोनों पारियों में कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे ने शतक जड़े। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 138 रन पर सिमटी और मैच की चारों पारियों में कुल 1439 रन बने, जो दोनों टीमों के बीच खेले गए किसी भी टेस्ट का सबसे बड़ा संयुक्त स्कोर है। यह मुकाबला डफी के रिकॉर्ड और न्यूजीलैंड के दबदबे के नाम दर्ज हो गया।