बुलंदशहर। खुर्जा स्तिथ राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 10 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बुलंदशहर से सवारी लेकर खुर्जा की ओर जा रहे ऑटो को गलत दिशा से आ रहे एक डंपर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जटिया अस्पताल और धरपा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद छह घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल लोगों में सात महिलाएं और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में ऑटो चालक हरि सिंह (50) निवासी बहलिमपुरा, बुलंदशहर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में हाईवे-34 पर परम डेयरी के सामने हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर गलत दिशा में चल रहा था, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।