डिलीवरी के दौरना गलत नस कटने पर प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने डाक्टरों व स्टॉफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए तोड़फोड़ कर दी। हंगामा की सूचना पर तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाते शांत करते हुए पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने डाक्टरों व हॉस्पिटल स्टॉफ के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरु कर दी है।
ऑपरेशन से डिलीवरी कराने की सलाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंडाली क्षेत्र के मुरलीपुर निवासी बृजनंदन किशोर गांव में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनकी शादी करीब पांच साल पहले रोहटा क्षेत्र के लखवाया गांव निवासी राधा से हुई थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। राधा गर्भवती थीं। परिजनों के मुताबिक, 12 अक्टूबर को सुबह करीब साढ़े दस बजे उन्हें मेडिकल थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित अजंता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन से डिलीवरी कराने की सलाह दी। परिवार की सहमति के बाद उपचार शुरू किया गया।
गलत नस कटने से लगातार खून बहता रहा
पति की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, 13 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे अस्पताल की तरफ से ब्लड और प्लाज्मा की व्यवस्था करने को कहा गया। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार राधा की हालत जानने की कोशिश की, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिवार का दावा है कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने से लगातार खून बहता रहा। महिला की हालत बिगड़ने पर 11 यूनिट ब्लड और प्लाज्मा की व्यवस्था कराई गई, लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
हॉस्पिटल स्टॉफ पर लापरवाही का अरोप
हालांकि उसने ऑपरेशन के दौरान एक बच्ची को जन्म दिया जो की स्वस्थ है। दोपहर को डाक्टरों ने उसकी मौत की सूचना दी। परिजनों ने डाक्टरों हॉस्पिटल स्टॉफ पर लापरवाही का अरोप लगाते हुए हंगामा करते हुए अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर दी। जिससे वहां पर अफरा तफर मच गई। हंगामा की सूचना मिलते ही मेडिकल नौचंदी लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुची और परिजनों को समझाते हुए शांत किया। अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन शव का पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने को राजी हुए। पति ने दो डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ तहरीर दी है।सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया मंगलवार को अजंता हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई है। परिवारजनों ने विरोध प्रकट करते हुए तहरीर दी है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।