द्वारका एक्सप्रेसवे पर बीजवासन टोल प्लाजा से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल वसूली की प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है. एक्सप्रेसवे के दोनों ओर की तीन-तीन लेन अगले तीन दिनों तक स्थानीय निवासियों के लिए आरक्षित रखी गई हैं. ये प्रक्रिया स्थानीय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई है. ताकि यात्रियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो. एक रिपोर्ट के अनुसार कार उपयोगकर्ताओं को बिजवासन टोल प्लाजा से वनवे यात्रा के लिए ₹220 और वापसी यात्रा के लिए ₹330 टोल देने पड़ेंगे. इसके साथ ही 50 यात्राओं के लिए मासिक पास की कीमत ₹7,360 होगी. अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 3,000 रुपये की कीमत वाला वार्षिक राजमार्ग पास बिजवासन टोल प्लाजा पर मान्य होगा.
पास बनवाने के लिए लगाए गए कई शिविर
वहीं 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे ₹340 का मासिक पास हासिल कर सकते हैं या फिर वार्षिक पास लेकर बिना रुकावट यात्रा का लाभ उठा सकते हैं. स्थानीय निवासियों के लिए रजिस्ट्रेशन और पास जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने को लेकर टोल प्लाजा के पास कई शिविर लगाए गए हैं. यहां लोग आसानी से पास बनवा सकते हैं. मंथली पास के लिए वाहन मालिकों को वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) की एक कॉपी, अपने आधार कार्ड की एक कॉपी और वाहन के साथ वाहन मालिक की एक प्रिंटेड तस्वीर जमा करानी पड़ेगी. बिजवासन में मौजूद टोल प्लाजा भवन से वाहन मालिक 20 से 30 मिनट के अंदर मासिक पास ले कर सकते हैं.
यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने को की गई पहल
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से की गई ये पहल टोल संचालन की सुचारू शुरुआत के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के मकसद से की गई है. दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर स्थित यह नई सुविधा द्वारका एक्सप्रेसवे को दो भागों में विभाजित करती है- गुरुग्राम की ओर 19 किलोमीटर और दिल्ली की ओर 10 किलोमीटर. एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि बीजवासन टोल प्लाजा से रोजाना करीब 90,000 पैसेंजर कारें गुजरती हैं. आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ जाने की आंशका है, क्योंकि यह मार्ग जल्द ही अर्बन एक्सटेंशन रोड से जुड़ने वाला है.