प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अलग-अलग मौकों पर मिले उपहारों और स्मृति चिह्नों की ई-नीलामी इन दिनों जारी है। इस बार करीब 1500 वस्तुओं को नीलामी के लिए शामिल किया गया है। इनमें देश की कला, संस्कृति और विरासत से जुड़ी कई खास कलाकृतियां मौजूद हैं। इनमें से 73 प्रमुख वस्तुओं को नई दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में प्रदर्शनी के लिए रखा गया है। लोग सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी में जाकर इन वस्तुओं को देख सकते हैं।
राम मंदिर की प्रतिकृति और युद्धपोत का मॉडल भी शामिल
ई-नीलामी में कई आकर्षक स्मृति चिह्न शामिल किए गए हैं। इनमें राम मंदिर की प्रतिकृति, रॉयल नेवी के ऐतिहासिक पोत ‘एचएमएस विक्टरी’ का मॉडल और काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति जैसी वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा जरदोजी कढ़ाई, गोंड कला और देश की विभिन्न पारंपरिक कलाओं से जुड़ी कलाकृतियां भी नीलामी का हिस्सा हैं। इन वस्तुओं के जरिए भारत की अलग-अलग कला परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलती है।
चांदी के स्मृति चिह्न की शुरुआती कीमत 13.50 लाख
नीलामी में शामिल कुछ वस्तुओं की शुरुआती कीमत भी काफी खास रखी गई है। कर्नाटक से प्रधानमंत्री को मिले भगवान राम के चांदी के स्मृति चिह्न की बेस प्राइस 13.50 लाख रुपये तय की गई है। वहीं काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति के लिए शुरुआती कीमत 9 लाख रुपये रखी गई है। गोंड कला की एक कलाकृति की बेस प्राइस 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
यह भी देखेंःIIT Bombay postpones: IIT बॉम्बे ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं कीं स्थगित, अब 10-11 अक्टूबर को होंगी परीक्षा
50 खास वस्तुओं को बनाया गया ‘हीरो ऑब्जेक्ट्स’
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ई-नीलामी और प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए बताया था कि इस बार 50 प्रमुख वस्तुओं को ‘हीरो ऑब्जेक्ट्स’ के तौर पर चिन्हित किया गया है। इनमें गोंड कला की ‘ट्री ऑफ लाइफ’ पेंटिंग भी शामिल है, जिसकी शुरुआती कीमत 7.50 लाख रुपये है। इसके अलावा 99.99 प्रतिशत शुद्ध सोने की परत वाली राधा-कृष्ण कलाकृति भी नीलामी में रखी गई है। इसकी बेस प्राइस 5.40 लाख रुपये तय की गई है।
नीलामी से मिलने वाली रकम नमामि गंगे अभियान में जाएगी
प्रधानमंत्री को मिले इन उपहारों की ई-नीलामी से प्राप्त राशि को नमामि गंगे अभियान में इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार की ओर से लोगों से इस ई-नीलामी में भाग लेने की अपील की जा रही है। अगर कोई व्यक्ति बोली लगाना चाहता है तो वह आधिकारिक ई-नीलामी पोर्टल पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकता है। नीलामी में शामिल वस्तुओं और बोली से जुड़ी पूरी जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध है।