अमेरिकी राज्य अलास्का में गुरुवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए. इसकी तीव्रता 7.3 मापी गई. इतने तेज झटकों के कारण यहां सुनामी की चेतावनी जारी की गई. लेकिन कु़छ देर बाद इस चेतावनी को वापस ले लिया गया. इस भूकंप का केंद्र अलास्का के पॉपोफ आइलैंड के सैंड पॉइंट पर पाया गया है. इसका केंद्र जमीन से 36 किलोमीटर नीचे था. आलास्का भूकंप के लिहाज से काफी संवेदनशील रहा है. बताया जा रहा है कि यह घटना प्रशांत प्लेट और उत्तरी प्लेट के टकराने के कारण हुई है. सुनामी का खतरा फिलहाल टल गया है. भूकंप से नुकसान की खबर अभी नहीं आई है. इससे पहले 16 जुलाई को भी अलास्का में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप के बाद तटीय अलास्का के कुछ इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था. हालांकि, करीब एक घंटे बाद ही इसे वापस ले लिया गया. मौसम विभाग ने भी संभावित खतरे को रद्द कर दिया है.
वीडियो में साफ दिखे भूकंप के झटके
अलास्का अर्थक्यूक सेंटर की ओर से भूकंप का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो के जरिए जानकारी दी गई है कि भूकंप का केंद्र लगभग 50 मील दूर था. इसमें लिखा गया कि हम उन लोगों के आभारी हैं, जिन्होंने अपने अनुभव को साझा किया. इससे दूसरों को समझने में आसानी होती है. वीडियो को सेंटर की ओर से पोस्ट किया गया था. भूकंप मात्र 6 सेकंड का था. वीडियो में पार्किंग में खड़ी कार को हिलते देखा गया.
अलास्का में अकसर आते हैं भूकंप
अलास्का में जैसे भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए. भूकंप से बचने से के लिए लोग सड़कों पर उतर आए. अलास्का में छोटे बड़े भूकंप आते रहते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के लगभग 11% भूकंप अलास्का में ही आते हैं.