Earthquake:गुरुवार सुबह मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में भूकंप के हल्के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप का केंद्र राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में था, लेकिन इसका प्रभाव मध्यप्रदेश के कई सीमावर्ती क्षेत्रों में भी महसूस किया गया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है।
राजस्थान में केंद्र, मध्यप्रदेश में असर
सुबह करीब 10 बजकर 7 मिनट पर भूकंप के झटके मंदसौर जिले के पिपलियामंडी, मल्हारगढ़ और कनघट्टी सहित आसपास के गांवों में महसूस किए गए। लोगों ने बताया कि करीब तीन मिनट तक कंपन का अनुभव हुआ। झटकों के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और घबराहट का माहौल बन गया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। चूंकि मंदसौर जिले की सीमाएं राजस्थान से सटी हुई हैं, इसलिए वहां भी इसका असर देखने को मिला।
कोई नुकसान नहीं, लेकिन अलर्ट
हालांकि भूकंप की तीव्रता कम थी, फिर भी प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। जिला प्रशासन द्वारा फिलहाल किसी नुकसान की पुष्टि नहीं की गई है। फिर भी विशेषज्ञों का मानना है कि यह झटका किसी बड़े भूकंप की पूर्व चेतावनी नहीं है, लेकिन लोगों को हमेशा तैयार रहना चाहिए।