
Earthquakes felt: रविवार दोपहर भारत के कई राज्यों में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। भूकंप का केंद्र असम के उदलगिरी जिले में रहा, जिसकी तीव्रता 5.9 मापी गई है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस (GFZ) के अनुसार यह भूकंप शाम 4 बजकर 41 मिनट पर आया और जमीन से मात्र 10 किलोमीटर की गहराई पर इसका केंद्र स्थित था। झटके उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी सहित असम के गुवाहाटी में महसूस किए गए, जबकि असर भूटान और बांग्लादेश के उत्तरी हिस्सों तक देखने को मिला। अचानक आए झटकों के बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
दहशत में लोग, प्रशासन सतर्क
गुवाहाटी में कई लोगों ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि लगा जैसे छत गिर जाएगी। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं और कई ने इसे अब तक का सबसे खतरनाक अनुभव बताया। हालांकि, स्थानीय प्रशासन के अनुसार अब तक किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और राहत एवं सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी में हैं। भूकंप का असर असम और उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में सबसे ज्यादा महसूस किया गया।
यह भी पढ़ेंःGet a gift before Diwali: दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगा तोहफा, 3% डीए बढ़ोतरी का ऐलान संभव
कर्नाटक में भी आया हल्का भूकंप
उसी दिन दक्षिण भारत के कर्नाटक राज्य में भी भूकंप दर्ज किया गया। रायचूर जिले में दोपहर 1 बजकर 44 मिनट पर 2.7 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार इसका केंद्र रायचूर के पास 16.04 उत्तरी अक्षांश और 76.63 पूर्वी देशांतर पर रहा और गहराई लगभग 10 किलोमीटर मापी गई। हालांकि इसकी तीव्रता बहुत कम होने की वजह से लोगों में खास दहशत नहीं दिखी और किसी प्रकार की क्षति की जानकारी नहीं मिली। लगातार भूकंप की गतिविधियों को देखते हुए विशेषज्ञों ने सतर्क रहने की सलाह दी है।