सूखे हुए खजूर को आम भाषा में छुआरा कहा जाता है. ये न केवल स्वाद में मीठा होता है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बेहद गुणकारी माना जाता है. आयुर्वेद में इसे बलवर्धक और शरीर को ऊर्जावान बनाने वाला सुपरफूड माना गया है. इसमें मौजूद जरूरी पोषक तत्व जैसे आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटेशियम और विटामिन B6 व A इसे और भी खास बनाते हैं.
एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर, उम्र पर ब्रेक
छुआरे में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं, जिससे उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है. इसके नियमित सेवन से त्वचा पर निखार आता है और झुर्रियों की समस्या कम होती है. यह उम्र के असर को कम कर हेल्दी एजिंग में मदद करता है.
हड्डियां मजबूत, दिल रहे दुरुस्त
छुआरा कैल्शियम और मैग्नीशियम का अच्छा स्रोत है, जिससे हड्डियां मजबूत बनती हैं. साथ ही, इसमें मौजूद पोटेशियम दिल की मांसपेशियों को मजबूत रखता है और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी मदद करता है. यह दिल की बीमारियों से बचाने में सहायक हो सकता है.
खून की कमी को कहें अलविदा
छुआरा आयरन का अच्छा स्रोत है, जिससे एनीमिया यानी खून की कमी की समस्या दूर हो सकती है. खासतौर पर महिलाओं और बच्चों के लिए इसका सेवन फायदेमंद माना जाता है.
पाचन बेहतर, ऊर्जा बरकरार
छुआरे में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन को दुरुस्त रखने में मदद करती है. साथ ही, यह शरीर को लंबी अवधि तक ऊर्जा देता है और कमजोरी या थकान महसूस नहीं होने देता. गर्म तासीर होने के कारण छुआरे का सीमित मात्रा में सेवन करें. रोज़ 1-2 छुआरे दूध के साथ लेना फायदेमंद हो सकता है. स्वास्थ्य का मीठा साथी है छुआरा – स्वाद भी, सेहत भी!