Kejriwal Raises Questions: पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की लगातार हो रही छापेमारी को लेकर सियासत तेज हो गई है। तीन दिन के भीतर राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल के बाद अब कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED की रेड हुई है। इस कार्रवाई को लेकर AAP ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे राजनीतिक कदम बताया है।
केजरीवाल ने केंद्र पर साधा निशाना
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक पार्टी नेताओं के यहां हुई रेड में क्या मिला? उन्होंने पूछा कि अगर एक रुपया भी काला धन मिला है तो देश के सामने लाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है।
लोकतंत्र पर हमला
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने सवाल उठाया कि ED की कार्रवाई केवल उन राज्यों में ही क्यों होती है, जहां भाजपा की सरकार नहीं है। मान ने कहा कि पंजाब की जनता इस तरह के दबाव में आने वाली नहीं है।
यह भी देखेंःDeputy Chairman of Rajya Sabha: हरिवंश तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति बने, पीएम मोदी और खरगे ने दी बधाई
AAP नेताओं का तीखा विरोध
पार्टी के अन्य नेताओं ने भी ED की छापेमारी को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और आतिशी ने इसे चुनाव से पहले विपक्ष को दबाने की रणनीति बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंच रहा है।
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
लगातार हो रही इन छापेमारियों ने पंजाब की राजनीति को और गर्मा दिया है। AAP का कहना है कि यह कार्रवाई आगामी चुनावों से पहले दबाव बनाने की कोशिश है। वहीं, पार्टी ने दावा किया कि जनता इस मुद्दे का जवाब चुनाव में देगी।