Ed raids anil ambani: यस बैंक लोन धोखाधड़ी से जुड़ा मामला, देशभर में 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह से अनिल अंबानी के ठिकानों पर देशभर में छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई यस बैंक से जुड़ी करीब 3000 करोड़ रुपये की लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है। ईडी की टीमें रिलायंस ग्रुप से जुड़ी करीब 50 कंपनियों और 35 से ज्यादा स्थानों पर दस्तावेज खंगाल रही हैं। छापेमारी का दायरा मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद सहित कई बड़े शहरों तक फैला है।
2017-2019 के बीच मिले लोन, शेल कंपनियों में हुआ ट्रांसफर
ईडी की जांच के मुताबिक, अनिल अंबानी समूह की कंपनियों को 2017 से 2019 के बीच यस बैंक से करीब 3,000 करोड़ रुपये का लोन दिया गया था। आरोप है कि ये लोन शेल कंपनियों और ग्रुप की सहयोगी संस्थाओं के जरिए इधर-उधर किए गए। बैंक के प्रमोटरों से जुड़ी संस्थाओं को लोन के पहले ही बड़ी रकम ट्रांसफर की गई थी। ईडी को इस पूरे लेन-देन में मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी के संकेत मिले हैं।
फ्रॉड, रिश्वत और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप
ईडी को जांच में ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे संकेत मिलता है कि यस बैंक के अधिकारियों को रिश्वत दी गई थी। कई कंपनियों को बिना जांच और नियमों के उल्लंघन कर लोन दिया गया। कर्ज से जुड़ी कई फाइलें बाद में तैयार की गईं और जानबूझकर कमजोर कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया।