कोलकाता में अवैध निर्माण, जमीन हड़पने और वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह दक्षिण कोलकाता के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान बिस्वजीत पोद्दार उर्फ ‘सोना पप्पू’ के घर से करीब 1.2 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। जांच एजेंसी को शक है कि यह रकम अवैध निर्माण सिंडिकेट और कथित जबरन वसूली से जुड़ी हो सकती है। ED इस पूरे मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।
सुबह-सुबह कई ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन
ईडी की टीम ने बुधवार सुबह करीब 7 बजे कस्बा-बालीगंज इलाके में फर्न रोड स्थित सोना पप्पू के घर पर छापा मारा। इस सर्च ऑपरेशन में ईडी अधिकारियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र बलों के जवान भी मौजूद थे। अधिकारियों ने घर और अन्य जगहों की तलाशी लेकर कई दस्तावेज और नकदी बरामद की। बताया जा रहा है कि एजेंसी को मौके से 1.2 करोड़ रुपये कैश मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
कई मामलों में पहले से दर्ज हैं FIR
जांच एजेंसियों के मुताबिक बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के खिलाफ पहले से कई FIR दर्ज हैं। इनमें जबरन वसूली, धमकी देने और दबाव बनाकर पैसे लेने जैसे आरोप शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि ईडी ने हाल ही में चार से पांच मामलों की जांच शुरू की थी, जिनके आधार पर यह समन्वित छापेमारी की गई। एजेंसी अब इन मामलों से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग की कड़ियों को खंगाल रही है।
करीबियों और अन्य ठिकानों पर भी तलाशी
ईडी की टीम ने सोना पप्पू के अलावा उसके करीबी माने जाने वाले राहुल दास के काकुलिया रोड स्थित घर पर भी सर्च किया। इसके साथ ही बालीगंज में ‘सन एंटरप्राइज’ नाम की एक फर्म के दफ्तर समेत कुल पांच से छह जगहों पर छापेमारी की गई। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस कंपनी का पोद्दार से सीधा संबंध है या नहीं। एजेंसी बरामद दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।
चुनाव से पहले कार्रवाई से बढ़ी राजनीतिक हलचल
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में इस छापेमारी को राजनीतिक रूप से भी संवेदनशील माना जा रहा है। हाल ही में रवींद्र सरोबर इलाके में दो गुटों के बीच हुई झड़प में भी सोना पप्पू का नाम सामने आया था। हालांकि उसने किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। फिलहाल ईडी मामले की जांच जारी रखे हुए है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।