
प्रवर्तन निदेशालय ने निवेशकों की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले रोहतास ग्रुप से सांठगांठ कर बेशकीमती संपत्तियां खरीदने वाले लाला जुगल किशोर लिमिटेड कंपनी की 250 करोड़ रुपये कीमत की संपत्तियों को जब्त कर लिया है। ये संपत्तियां राजधानी के सुल्तानपुर रोड, सीतापुर रोड, बाराबंकी रोड आदि में स्थित 5 बेशकीमती भूखंड हैं, जिनमें से एक में अधूरे फ्लैट भी बने हैं। ईडी की इस कार्रवाई से रोहतास ग्रुप के साथ लाला जुगल किशोर ग्रुप को गहरा झटका लगा है।
2019 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक रोहतास ग्रुप के संचालकों के खिलाफ वर्ष 2019 में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई होने से पहले इन संपत्तियों को महज 18 से 20 करोड़ रुपये में लाल जुगल किशोर लिमिटेड ग्रुप के संचालकों को बेच दिया गया था, जिनमें मुख्य रूप से अर्पित रस्तोगी का नाम सामने आया था।
ये भी पढ़ें: बहराइच के कौड़ियाला नदी में सवारियाें से भरी नाव पलटी, 8 लोग लापता, महिला का शव मिला
रोहतास ग्रुप के खिलाफ सीबीआई जांच भी जारी
आपको बाता दें कि ईडी ने बीते सितंबर माह में भी रोहतास ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी की थी। हालांकि उसके संचालक फरार थे। इस बीच 248 करोड़ रुपये की हेराफेरी के सुराग ईडी के हाथ में लगे थे। रोहतास ग्रुप के खिलाफ अब तक निवेशकों की ओर से 80 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं। इसके अलावा सीबीआई, लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच भी कई केस दर्ज कर चुकी है। लखनऊ पुलिस भी बीते सालों में रोहतास ग्रुप की 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां को जब्त किया है। कंपनी पर निवेशकों की 500 करोड़ रुपये से अधिक रकम हड़पने का आरोप लगा है।