
अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। एजेंसी ने इस हाई-प्रोफाइल केस में क्रिकेट और फिल्म जगत से जुड़े कई बड़े नामों को तलब किया है।
युवराज, उथप्पा और सोनू सूद पर गिरेगी ईडी की गाज
सूत्रों के मुताबिक ईडी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को 23 सितंबर को दिल्ली मुख्यालय में पेश होने का आदेश दिया है। वहीं बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को 24 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा को 22 सितंबर को समन जारी किया गया है। माना जा रहा है कि इन सभी से ऐप के प्रचार और उससे जुड़े पैसों के लेन-देन को लेकर सवाल-जवाब होंगे।
पहले हो चुकी है रैना और धवन से पूछताछ
इससे पहले ईडी इस केस में भारतीय क्रिकेटरों शिखर धवन और सुरेश रैना से पूछताछ कर चुकी है। साथ ही दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह का बयान भी दर्ज किया गया था। हाल ही में बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा ईडी दफ्तर पहुंचे थे, जबकि टीएमसी की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती से भी एजेंसी सवाल-जवाब कर चुकी है। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला को भी तलब किया गया है लेकिन उन्होंने अभी तक एजेंसी को यह नहीं बताया है कि वे पेश होंगी या नहीं।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी, टैक्स चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया गया। करोड़ों रुपये की अवैध कमाई निवेशकों और आम लोगों से ठगी के जरिए जुटाई गई। ईडी का मानना है कि ऐप से जुड़े विज्ञापनों और प्रचार अभियानों में शामिल सेलेब्रिटीज़ की भूमिका को समझना बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें : Waqf संशोधन अधिनियम पर Supreme Court का अंतरिम फैसला, कानून पर रोक नहीं, कुछ धाराओं पर लगी अस्थायी रोक
कंपनी का दावा
वहीं दूसरी तरफ 1xBet कंपनी अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करती है। कंपनी का कहना है कि वह पिछले 18 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सट्टेबाजी उद्योग में सक्रिय है और उनके प्लेटफॉर्म पर दुनियाभर के उपयोगकर्ताओं को हजारों खेल आयोजनों पर दांव लगाने की सुविधा दी जाती है। कंपनी का दावा है कि उनकी वेबसाइट और मोबाइल ऐप 70 से अधिक भाषाओं में उपलब्ध हैं, जिससे उनका कारोबार वैश्विक स्तर पर फैला हुआ है।
ईडी की अगली चाल पर निगाह
ईडी की नजर अब इस केस से जुड़े सभी पैसों की हेराफेरी और प्रचार तंत्र पर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी नामी हस्तियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। फिलहाल क्रिकेट और फिल्म जगत के बड़े नामों के सामने आने से यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में है।