Delhi Classroom Construction Scam: ईडी ने दिल्ली क्लासरूम निर्माण घोटाले में कथित रूप से शामिल ठेकेदारों और निजी संस्थाओं के 37 परिसरों पर तलाशी शुरू कर दी है। यह मामला दिल्ली के विभिन्न स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण में बरती गईं अनियमितताओं के लिए दिल्ली सरकार के तत्कालीन मंत्रियों और अन्य निजी व्यक्तियों के खिलाफ एसीबी, दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर से संबंधित है। आपको मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बता दें कि इस मामले में मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का नाम भी शामिल है। अब ईडी की टीम दिल्ली के कई इलाकों में छानबीन कर रही है।
क्या है पूरा मामला
दिल्ली के विभिन्न स्कूलों में निर्माण कार्यों में अनियमितताओं के मामले में GNCTD ने तत्कालीन मंत्री और कई निजी फर्मों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। यह मामला दिल्ली पुलिस और एसीबी ने दर्ज किया था। अब इस मामले में ईडी ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ईडी की कई टीमें इससे जुड़े ठेकेदारों और निजी फर्मों के 37 ठिकानों पर पहुंचीं। एफआईआर का संज्ञान लेते हुए ईडी ने पीएमएलए के तहत अपराधिक मामला दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की है। इस दौरान वहां हड़कंप मच गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इस मामले में नेताओं से पूछताछ हो रही है या नहीं। ईडी ने 30 अप्रैल को दर्ज एफआईआर में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इन नेताओं पर आरोप है कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में 12,000 से अधिक क्लासरूम और अन्य निर्माण कार्यों में 2,000 करोड़ रुपये की अनियमितता हुई है।
एसीबी समन जारी
एसीबी ने इस मामले में दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को समन भेजा है। और उन्हे इसी महीने 20 जून को पेश होने के लिए कहा गया है।