Education In Punjab : पंजाब में सड़कों पर भीख मांगते बच्चों की जिंदगी अब बदल रही है। भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने ‘ऑपरेशन जीवनज्योत’ नाम से एक बड़ा अभियान शुरू किया है, जिसका मकसद ऐसे बच्चों को स्कूल और सुरक्षित वातावरण तक पहुंचाना है। सितंबर 2024 से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 367 बच्चों को सड़कों, मंदिरों, ट्रैफिक सिग्नलों और रेलवे स्टेशनों से बचाया जा चुका है। ये सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि उन मासूमों की कहानियां हैं जो गरीबी और मजबूरी के बीच बचपन खो बैठे थे।
बस्तियों से स्कूल तक पहुंचा बचपन
‘ऑपरेशन जीवनज्योत’ के तहत पिछले नौ महीनों में राज्यभर में 753 रेस्क्यू अभियान चलाए गए। ये अभियान उन इलाकों में खास तौर पर चलाए गए जहां बच्चों से भीख मंगवाना और कबाड़ बीनना आम था। इनमें से 350 बच्चों को उनके परिवारों के पास सुरक्षित पहुंचा दिया गया, जबकि जिनके परिजन नहीं मिल सके, ऐसे 17 बच्चों को सरकारी बाल गृहों में सुरक्षित रखा गया है। यह पहल समाज में बच्चों के भविष्य को लेकर एक नई सोच और संवेदना को दर्शाती है।
यह भी पढ़ें: प्रीती त्यागी के बाद अब आशा नेगी लापता.
रिश्तों की तलाश में मददगार बना DNA टेस्ट
इस मिशन में तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। कई ऐसे बच्चे जो अपने परिवारों से बिछड़ चुके थे, उनकी पहचान डीएनए जांच के माध्यम से करवाई गई। इससे उन्हें दोबारा अपने घरों तक पहुंचाना आसान हुआ। सरकार का यह कदम ना सिर्फ बच्चों को शिक्षा और सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि उनके खोए रिश्तों को जोड़ने का जरिया भी बन रहा है। 'ऑपरेशन जीवनज्योत' अब पंजाब के समाज में एक उम्मीद की नई रोशनी बनकर उभरा है।