
Muskan blue drum: इंदौर में पुरुष अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था पौरुष ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर 11 महिलाओं के पुतले जलाने की अनुमति मांगी है। इनमें मेरठ की मुस्कान और रविता का नाम सबसे प्रमुख है। मुस्कान पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर उसके टुकड़े नीले ड्रम में भरवा दिए थे। वहीं, रविता ने पति की हत्या कर सांप के डसने का ढोंग रचा था।
पौरुष संस्था की पहल
पौरुष संस्था का पूरा नाम पीपुल अगेंस्ट अनइक्वल रूल्स यूज्ड टू शेल्टर हेरासमेंट है। यह संस्था पुरुषों के खिलाफ हो रहे अन्याय के विरोध में आवाज उठाती है। संस्था ने कहा है कि 2 अक्टूबर को इंदौर के महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड में सुपर्णखा दहन कार्यक्रम होगा, जिसमें इन 11 महिलाओं के पुतले जलाकर समाज को संदेश दिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र
संस्था द्वारा पुलिस को भेजा गया यह पत्र अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। संस्था का कहना है कि पुतलों पर महिलाओं की तस्वीरें भी लगाई जाएंगी ताकि समाज समझ सके कि पुरुषों के साथ अन्याय करने वाली महिलाओं को भी बेनकाब किया जाना जरूरी है। संस्था के मुताबिक यह कदम पुरुषों के हक की लड़ाई को मजबूती देगा।