लखनऊ। प्रदेश के राजकीय और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस की रिक्त सीटों को भरने के लिए नीट यूजी-2026 की विशेष काउंसलिंग गुरूवार से शुरू होगी। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय ने इसके लिए समय-सारिणी जारी कर दी है। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा नेहा शर्मा के अनुसार, अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में ऑनलाइन पंजीकरण, शुल्क जमा करने और अभिलेख अपलोड करने होंगे।
पंजीकरण की प्रक्रिया गुरूवार को सुबह 11 बजे शुरू होकर सात नवंबर को सुबह 11 बजे तक चलेगी। पंजीकरण शुल्क और धरोहर राशि सात नवंबर को दोपहर दो बजे तक जमा की जा सकेगी। इसी दिन मेरिट सूची जारी होगी। मेरिट में शामिल अभ्यर्थी सात नवंबर शाम पांच बजे से 12 नवंबर सुबह 11 बजे तक कॉलेजों के विकल्प भर सकेंगे।
सीट आवंटन का परिणाम 12 नवंबर को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थी 13 से 16 नवंबर तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर संबंधित कॉलेज में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।