लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को सक्रिय भूमिका में उतारा है। उन्हें पार्टी का मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड को छोड़कर करीब 15 राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
ईशान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अपने पिता आनंद कुमार के साथ समन्वय करते हुए काम करेंगे। उन्हें संबंधित राज्यों में संगठन की स्थिति, गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा कर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी रहेगी। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब मायावती ने बड़े भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक पद से हटा दिया है। आकाश को फिलहाल पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
ईशान हाल में लखनऊ में हुई बसपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में भी मौजूद रहे थे। मायावती की अध्यक्षता वाली बैठक में पार्टी नेताओं से उनका परिचय कराया गया था। इससे पहले वह मायावती के जन्मदिन के कार्यक्रम में भी सार्वजनिक रूप से नजर आए थे।
पार्टी में संगठनात्मक फेरबदल के तहत राष्ट्रीय समन्वयक रामजी गौतम और लालाराम की भूमिका बढ़ाए जाने की भी चर्चा है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा के इस कदम को संगठन में नई टीम तैयार करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।