UP News: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त हो रही 10 सीटों के लिए मंगलवार को भाजपा के आठ उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यहां विधान भवन में अपने नामांकन दाखिल किये। समाजवादी पार्टी की तरफ से इससे पहले दो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल हुए थे। इस तरह से इन 10 रिक्त सीटों पर नामांकन दाखिल करने वाले इन 10 उम्मीदवारों का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय हो गया है।
9 अक्तूबर को नामांकन वापसी की आखिरी तारीख
बुधवार सात अक्तूबर को इन नामांकन पत्रों की जांच और नौ अक्तूबर को नामांकन वापसी की आखिरी तारीख अब महज औपचारिकता मात्र रह गयी है। नामांकन पत्रों की जांच में अगर इन 10 उम्मीदवारों में से किसी के नामांकन में कोई त्रुटि नहीं पायी जाती है और नामांकन खारिज नहीं होता है तो अब लगभग यह भी तय हो गया है कि चुनाव आयोग द्वारा घोषित इन 10 सीटों के लिए मतदान भी नहीं होगा।
इन उम्मीदवारों ने दाखिल किए पर्चे
मंगलवार को भाजपा की ओर से जिन आठ उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किये, उनमें- प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह,, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। इनके अलावा सपा के प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी पहले ही अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
ये लोग रहे मौजूद
मुख्यमंत्री योगी के अलावा मंगलवार को भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन दाखिले में दाेनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।