Hapur News : अतिरिक्त दहेज में कार की मांग कर ससुराल पक्ष के लोगों ने थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता को प्रताड़ित किया। मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने महिला को बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया। मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव रसूलपुर बहलोलपुर की प्रियंका ने बताया कि उसकी शादी 25 दिसंबर 2023 को हिंदू रीति-रिवाज से थाना व कस्बा बहादुरगढ़ के अश्वनी कुमार के साथ हुई थी। शादी में पिता ने सामर्थ्य से बढ़कर करीब 12.50 लाख रुपये का दान दहेज दिया था। बावजूद इसके शादी के कुछ समय बाद से ही पति अश्वनी कुमार, जेठ प्रमोद कुमार, जेठ अनिल कुमार, जेठानी सुभद्रा और ननद कुमारी सोनी ने अतिरिक्त दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर मारपीट शुरू कर दी.
पति अश्वनी कुमार ने गला दबाते हुए धमकी दी कि अगर, मांग पूरी नहीं की तो वह पीड़िता की हत्या कर देगा। आरोपियों ने मारपीट कर उसे घर से निकल दिया। डर के कारण पीड़ित पांच सितंबर 2024 को मायके आ गई। परिजन द्वारा मिन्नत करने पर भी आरोपी अपनी मांग पर अड़े रहे। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई. एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.