
Eknath Khadse Pune Rave Party News: पुणे के खराडी इलाके में शनिवार देर रात एक स्टूडियो अपार्टमेंट में चल रही हाई प्रोफाइल रेव पार्टी पर क्राइम ब्रांच ने छापा मारा, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। छापेमारी में पुलिस ने पांच पुरुष और दो महिलाओं को हिरासत में लिया। इनमें सबसे चौंकाने वाला नाम डॉ. प्रांजल खेवलकर का है, जो एनसीपी (शरद पवार गुट) की महिला नेता रोहिणी खडसे के पति हैं। बताया गया कि मौके से नशे की कई वस्तुएं जब्त की गईं, जिनमें शराब, गांजा, हुक्का और कोकीन शामिल हैं। साथ ही पुलिस को 41 लाख रुपये नकद और 2.7 ग्राम कोकीन भी मिली।
रेव पार्टी की जिम्मेदारी और सबूत
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फ्लैट की बुकिंग खुद प्रांजल खेवलकर के नाम पर की गई थी, जिससे उनकी भूमिका को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पार्टी में कोकीन और गांजा जैसे मादक पदार्थों का सेवन हो रहा था। छापे के बाद प्रांजल को मेडिकल जांच के लिए ससून अस्पताल ले जाया गया और फिर हडपसर स्थित उनके घर की तलाशी भी ली गई, जहां से भी कुछ महत्वपूर्ण सबूत जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ेंःOpration Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया को दिखी भारत की ताकत, पीएम मोदी ने तमिलनाडु में दी चेतावनी
प्रांजल की पृष्ठभूमि और सियासी असर
डॉ. प्रांजल खेवलकर पेशे से व्यवसायी हैं और उनका रियल एस्टेट, ट्रैवल, इवेंट मैनेजमेंट और एनर्जी सेक्टर में कारोबार है। वे रोहिणी खडसे के दूसरे पति हैं, जिन्होंने अपने पहले पति से तलाक के बाद प्रांजल से विवाह किया था। घटना के बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल है, क्योंकि मामला सीधे तौर पर एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से जुड़ा है। अब तक रोहिणी खडसे की तरफ से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।