महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है। टाइगर इस हमले में घायल हो गए हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि वे सुरक्षित हैं। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस सहित दो लोग भी घायल हुए हैं। फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सामने आई तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ, एकनाथ शिंदे के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनकी छाती पर पट्टी बंधी हुई है, जबकि बाएं हाथ पर भी चोट के कारण पट्टी लगी हुई नजर आ रही है।
ड्राइवर के दाहिने हाथ में चोट आई है
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, "टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर है। वीडियो देखने पर पता चला कि करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें उनका ड्राइवर घायल हो गया। भगवान की कृपा से टाइगर श्रॉफ बच गए, जो कि बहुत बड़ी राहत की बात है।
हालांकि, इस तरह की हरकत की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मैंने टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार से बात की है। उनके ड्राइवर के दाहिने हाथ में चोट आई है। टाइगर का परिवार, खासकर उनकी मां इस घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं और सोच रहे हैं कि आखिर किसी ने उन पर हमला क्यों किया, जबकि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है।"
किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा लिए जाने की खबर सामने आई है। इस पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "चाहे इसमें कोई भी गैंग शामिल हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह मुंबई है। वे यहां फिर से गैंगवार को जिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और सरकार उनकी मनमानी या उनकी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री और हम सभी ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है। मेरी सभी सेलिब्रिटीज से अपील है कि अगर उन्हें इस तरह की कोई कॉल आती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।"