Bulandshahr News: सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अलीगढ़–गाजियाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय वृद्ध किसान की जान चली गई। बिलसूरी गांव स्थित एम रिज़ॉर्ट के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कैंटर ने साइकिल सवार किसान को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान को उपचार के लिए पहले राजकीय संयुक्त चिकित्सालय और बाद में गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 9 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
किसान को गंभीर शारीरिक चोटें आईं
हादसा इतना गंभीर था कि किसान को गंभीर शारीरिक चोटें आईं। घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
एनएच पार करते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान नारायण यादव (75 वर्ष) पुत्र मुथरा सिंह, निवासी ग्राम चन्द्रावली, बिलसूरी के रूप में हुई है। बताया गया कि वे सरकार खाद गोदाम से साइकिल द्वारा यूरिया लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच पार करते समय यह हादसा हो गया।
पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया
चौकी प्रभारी सहदेश सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। किसान की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर पहले भी चिंता जताई है। हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।