नगर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चलाने का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। स्टेडियम रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी निवासी सूरजपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता राजेंद्र सिंह प्रोस्टेट की गंभीर समस्या से पीड़ित थे और इलाज के लिए बुलंदशहर–शिकारपुर रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे।
परिसर के बाहर टहलने निकले थे
घटना 21 फरवरी की रात की है। बताया गया कि रात के समय राजेंद्र सिंह अस्पताल परिसर के बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान शिकारपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार के चालक ने अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे कच्ची पटरी पर खड़े राजेंद्र सिंह को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही दम तोड़ दिया
प्रत्यक्षदर्शी हरेंद्र सिंह के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग राजेंद्र सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक के पुत्र सूरजपाल सिंह ने बताया कि पिता के आकस्मिक निधन से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। अंतिम संस्कार और शोक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के कारण पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने में कुछ देरी हुई। बाद में परिजनों की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
कैमरों की फुटेज भी खंगाली
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के समय की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि अस्पताल के बाहर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल के आसपास स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।