उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सीलमपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े सरेराह एक बुजुर्ग की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान बनारसी दास के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह बारात घर में काम करते थे। आज दोपहर वह सीलमपुर इलाके में घोड़ी की नाल लगवाने के लिए आए थे। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने अपनी जेब से पैसे निकाले, तभी वहां मौजूद कुछ अज्ञात बदमाशों ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया
आरोप है कि बदमाशों ने बनारसी दास का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पब्लिक ने आरोपियों को काबू में कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।