परतापुर थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी एन्क्लेव के पास शुक्रवार को झाड़ियों में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सूरज भान (75) पुत्र रतिराम, निवासी हवाई पट्टी कॉलोनी के रूप में हुई है।
लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई
बताया गया कि वह किराये के मकान में रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक के बेटे जितेंद्र ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें दौरे भी पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के चलते ही उनकी मौत हुई हो, हालांकि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।