
कांग्रेस ने एक वीडियो शेयर कर चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने फैक्ट चेक करके इस वीडियो को पूरी तरह से फर्जी बताया है। चुनाव आयोग ने फैक्ट चेक कर कहा कि यह वीडियो एआई की मदद से तैयार किया है। यह असली नहीं है। यह बिहार के लोगों को गुमराह करने का एक स्पष्ट प्रयास है। यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी बताया गया है।
90 हजार से अधिक बीएलओ
ईसीआई के अनुसार, बिहार के हर विधानसभा क्षेत्र के लिए मतदाता सूची कानून के अनुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ तैयार किया जा रहा है। वोटर लिस्ट बनाने में 90 हजार से अधिक बीएलओ, उस विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं और कांग्रेस समेत बिहार के सभी 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त 1.6 लाख से अधिक बीएलए की पूर्व भागीदारी है।
चोरों को गद्दी से हटाना है
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 17 अगस्त से हमारे साथ आना है, वोट चोरों को गद्दी से हटाना है। बिहार में वोटर अधिकार यात्रा। इसके साथ कांग्रेस ने एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में कहा गया है कि हम जिंदा हैं, तब भी उन्होंने हमें मार दिया। हमारा वोट चोरी कर लिया, हमारा अधिकार चोरी कर लिया।
हमारा वोट चोरी हो गया
वीडियो में आगे कहा गया कि हमारा वोट चोरी हो गया। उन्होंने हमारा अधिकार चोरी कर लिया। मेरा एक कमरे का घर है, उन्होंने मेरे घर पर 80 फर्जी वोटर रजिस्टर कर दिए। उन्होंने हमारा अधिकार चोरी कर लिया। वीडियो में कहा गया कि वोट चोरों को सबक सिखाना है, हमारे साथ वोटर अधिकार यात्रा में आएं। वोट चोरों को गद्दी से हटाएं, और वोट चोर गद्दी छोड़ें।