Election Results 2026 Live: चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जिसके साथ ही शुरुआती रुझान भी सामने आने लगेंगे। कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि किन दलों के हाथ सत्ता की कमान जाएगी और किसे विपक्ष में बैठना पड़ेगा।
किन राज्यों में हुआ मतदान
असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अप्रैल के दौरान मतदान संपन्न हुआ था। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को एक चरण में वोटिंग हुई, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में दो चरणों—23 और 29 अप्रैल—में वोट डाले गए थे। हालांकि, फाल्टा सीट पर पुनर्मतदान के कारण वहां के नतीजे बाद में घोषित होंगे।
बहुमत का आंकड़ा किस राज्य में कितना
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 293 सीटों के परिणाम आज आएंगे, जहां बहुमत के लिए 148 सीटें जरूरी हैं। असम की 126 सीटों में 64 का आंकड़ा सरकार बनाने के लिए चाहिए। केरल में 140 सीटों में 71, तमिलनाडु की 234 सीटों में 118 और पुडुचेरी की 30 सीटों में 16 सीटों का बहुमत जरूरी है।
रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत ने बढ़ाई दिलचस्पी
इस बार सभी राज्यों में जबरदस्त मतदान दर्ज किया गया है। असम में 85.38%, केरल में करीब 78%, तमिलनाडु में 85.1%, पुडुचेरी में 89.08% और पश्चिम बंगाल में 92.47% मतदान हुआ। उच्च मतदान प्रतिशत ने चुनाव परिणामों को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मतगणना को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी काउंटिंग सेंटरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। खासकर पश्चिम बंगाल में काउंटिंग सेंटरों को हाई-सिक्योरिटी जोन घोषित किया गया है और बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
कहां देखें लाइव रिजल्ट
चुनाव परिणामों की लाइव अपडेट्स चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा voters.eci.gov.in पर जाकर भी राज्यवार और सीटवार रुझान देखे जा सकते हैं। सुबह 8 बजे से ही यहां लगातार अपडेट मिलते रहेंगे।